बिहार के गया जिले में स्थित अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक स्थल व बौद्ध धर्मावलम्बियों के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बोधगया में विभिन्न देशों के बौद्ध मठों की सुरक्षा को लेकर बिहार पुलिस उनका पूरा रिकार्ड तैयार कर रही है। पुलिस के एक आला अधिकारी की मानें तो बोधगया में पिछले कई महीनों से विभिन्न देशों के मठों के निर्माण की होड़ मची हुई है, जिसे लेकर पुलिस परेशान है। ऐसे में कई ऐसे विदेशी बौद्ध मठ हैं जिनकी जानकारी पुलिस के पास नहीं है। ऐसे में पुलिस व जिला प्रशासन के लिए उनकी सुरक्षा एक चुनौती बन गई है।
बोधगया थाना प्रभारी टी़ एऩ तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि सभी मठों की सुरक्षा सम्बंधी जानकारियां इकट्ठी कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जानकारी में मठों के नाम, पते और उनके प्रभारियों के नाम व फोन नंबर सहित उनकी सुरक्षा में लगाए गए सुरक्षा प्रहरियों की भी जानकारी मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सारी जानकारियों के पुलिस के पास रहने से सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने में आसानी होगी।
उल्लेखनीय है कि बोधगया में 35 विदेशी मठ हैं, जिनमें प्रति वर्ष उनसे सम्बंधित देशों के हजारों विदेशी पर्यटक बोधगया आते हैं। गौरतलब है कि पिछले महीने आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर बोधगया के प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में सुरक्षा के लिए विशेष कार्य बल व पुलिस बल को लगाया गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें