देश के विदेशी पूंजी भंडार में 16 नवम्बर को समाप्त सप्ताह में 3.27 करोड़ डॉलर की गिरावट दर्ज की गई जो अब 293.52 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक इससे पिछले सप्ताह नौ नवम्बर को भंडार में 78.15 करोड़ डॉलर की गिरावट हुई थी और यह 293.55 अरब डॉलर रह गया था। इसी तरह इससे पिछले सप्ताह यानी दो नवम्बर को पूंजी भंडार 95.03 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 294.34 अरब डॉलर रहा था।
रिजर्व बैंक द्वारा जारी साप्ताहिक सांख्यिकीय पूरक बयान के मुताबिक पूंजी भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा भंडार में 1.64 करोड़ डॉलर की गिरावट रही और यह 258.69 अरब डॉलर रहा। रिजर्व बैंक के मुताबिक मुद्रा भंडार को अमेरिकी डॉलर में अभिव्यक्त किया जाता है और इसके मूल्य के उतार चढ़ाव पर पाउंड, स्टर्लिग, यूरो और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्रा के उतार चढ़ाव का प्रभाव भी शामिल रहता है।
आलोच्य अवधि में स्वर्ण भंडार का मूल्य गत दो नवम्बर से अब तक अपरिवर्तित रहा और यह 28.18 अरब डॉलर दर्ज किया गया। इसी अवधि में विशेष निकासी अधिकार का मूल्य 1.08 करोड़ डॉलर घटकर 4.39 अरब डॉलर रहा और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में भारत के भंडार का मूल्य 55 लाख डॉलर गिरकर 2.24 अरब डॉलर दर्ज किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें