पाकिस्तान में प्रतिबंधित तालिबान ने गुरुवार को करीब सौ किग्रा विस्फोटक से लदा ट्रक अर्द्धसैनिक बलों के मुख्यालय के गेट से टकराकर एक जबरदस्त धमाका किया। इस धमाके में मुख्यालय के गेट पर मौजूद दो सुरक्षाकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बीस अन्य घायल हो गए। यह धमाका सुबह करीब सात बजे हुआ, जब विस्फोटक से भरा एक ट्रक कराची के उत्तरी नजीमाबाद इलाके में स्थित अर्द्धसैनिक बलों के मुख्यालय से टकरा गया।
इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक ए तालिबान ने ली है। सुरक्षा अधिकारियों ने दावा किया है कि इस धमाके के लिए आतंकियों ने करीब सौ किग्रा. विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया है। इस जबरदस्त धमाके से मुख्यालय का एक हिस्सा ढह गया और काफी बड़े हिस्से में आग लग गई। डेढ़ घंटों की मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पाया गया। इस धमाके से आस पास की दूसरी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
हमले में दो सामान्य नागरिकों के अलावा कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। खुफिया एजेंसियों ने इस तरह के हमले के बाबत अलर्ट जारी किया था लेकिन उसमें आतंकियों के लक्ष्य के बारे में जिक्र नहीं किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने इस हमले के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि यह हमले के दौरान मौके पर मौजूद थे तो पूरे वाकये को मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बम धमाके में जिस ट्रक के इस्तेमाल किए जाने की बात कही जा रही है उसमें सब्जियां लदी थीं। यह हमला उस वक्त हुआ है जिस समय कराची में अंतरराष्ट्रीय रक्षा प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए कई विदेशी यहां आए हुए हैं।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें