पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई के उस आरोप को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अफगानिस्तानी खुफिया एजेंसी के प्रमुख की हत्या की कोशिश की साजिश क्वेटा शहर में रची गई थी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक अफगानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा निदेशालय (एनडीएस) के प्रमुख और करजई के विश्वासपात्र असदुल्ला खालिद, काबुल स्थित खुफिया एजेंसी के अतिथि गृह में गुरुवार को हुए हमले में घायल हो गए थे।
तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि यह हमला तालिबानी कैदियों को हाल ही में फांसी दिए जाने के प्रतिशोध स्वरूप किया गया। दूसरी तरफ, करजई ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठनों पर इस हमले का आरोप लगाते हुए तालिबान की संलिप्तता को खारिज कर दिया था और साथ ही इस घटना की जांच की मांग की थी। पाकिस्तान ने हालांकि, अफगानिस्तान से कहा कि वह आरोप लगाने के बदले जानकारियां मुहैया कराए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें