कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर आम लोगों की आवाज नहीं सुनने का आरोप लगाया है। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान मंगलवार को राहुल ने कहा कि राज्य में सिर्फ एक ही आवाज सुनी जाती है और वह स्वयं मोदी की आवाज है। राज्य सरकार पर लोगों को पानी तथा नौकरियां उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा, "गुजरात चमक रहा है, लेकिन आपके पास पानी हर तीसरे दिन केवल 25 मिनट के लिए आाता है, जबकि 10 लाख युवक बेरोजगार हैं।"
राज्य में अपनी पहली चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए राहुल ने कहा कि मोदी आम लोगों की आवाज नहीं सुनना चाहते, बल्कि गुजरात में केवल एक आवाज सुनी जाती है और वह मोदी की है। उन्होंने कहा कि गुजरात की ताकत युवा तथा यहां के गरीब लोग हैं, लेकिन राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार उनकी ताकतों को दबा रही है। मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा, "गुजरात को कोई एक व्यक्ति नहीं, बल्कि राज्य की जनता चला रही है।"
सूचना के अधिकार (आरटीआई) कानून के लिए कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की सराहना करते हुए राहुल ने कहा कि गुजरात सरकार इसके पक्ष में नहीं थी, क्योंकि वह नहीं चाहती थी कि उसके भ्रष्टाचार का खुलासा हो। कांग्रेस महासचिव ने कहा, "लोग भ्रष्टाचार के बारे में बात करते थे। हमने आरटीआई कानून इसलिए बनाया, क्योंकि हम आम लोगों को जुबान देना चाहते थे।"
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें