युद्धविराम का उल्लंघन कर पाकिस्तानी सैनिक मंगलवार को भारत की सीमा में घुस आए और जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट एक चौकी पर तैनात भारतीय सेना के दो जवानों का गला रेत दिया। पुंछ के उपायुक्त ए. के. साहू ने बताया कि नियंत्रण रेखा के निकट सोना गली इलाके में स्थित एक चौकी पर पाकिस्तानी सैनिकों ने छापेमारी की और वहां तैनात दो जवानों की गला रेतकर हत्या कर दी तथा तीसरे को घायल कर दिया। उन्होंने कहा, "बताया गया है कि इस हमले में 29 बलूच रेजीमेंट के शामिल होने का अंदेशा है।"
सेना के सूत्रों ने आईएएनएस से कहा कि छापेमारी करने आए पाकिस्तानी सैनिक शहीद हुए भारतीय जवानों के हथियार भी उठा ले गए। शहीद हुए सुधाकर सिंह और हेमराज 13वीं राजपुताना राइफल्स से संबद्ध थे। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानियों को जब भारतीय चौकी कंटीले घेरे के बिल्कुल करीब दिखी तो वे वहां पहुंच गए। सेना ने घुसपैठ रोकने के लिए नियंत्रण रेखा से लगते भारतीय क्षेत्र में त्रिस्तरीय बाड़बंदी कराई है। भारतीय क्षेत्र में दो किलोमीटर तक लगभग 500 मीटर चौड़ी बाड़बंदी कराई गई है।
सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि घुसपैठियों ने घने कोहरे का फायदा उठाया। वे जंगली इलाके में लगे कंटीले बाड़ को काटकर भारत की सीमा में घुस आए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानियों के इस हमले को लेकर आधिकारिक स्तर पर कड़ा रुख अपनाया जा रहा है। याद रहे कि एक पूर्व, पाकिस्तान ने भारत के सामने अपना विरोध दर्ज कराया जिसमें उसने भारतीय सेना पर कश्मीर में स्थित एक पाकिस्तानी पोस्ट पर अकारण गोलीबारी करने का आरोप लगाया था और भारत ने आरोपों का खंडन किया था।
जियो न्यूज के मुताबिक, भारत के उप उच्चायुक्त गोपाल बागले को विदेश मंत्रालय बुला कर विरोध पत्र थमाया गया था। पाकिस्तान का कहना है कि रविवार को हाजीपीर सेक्टर में पोस्ट पर हमला युद्धविराम का उल्लंघन है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें