मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी को नफरत फैलाने वाला भाषण देने के आरोप में पूछताछ के लिए गिरफ्तार किए जाने के बाद यहां पुराने शहर में तनाव फैल गया। ओवैसी को चिकित्सकीय जांच के बाद मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना फैलते ही ऐतिहासिक चारमिनार के इर्द-गिर्द के व्यस्त रहने वाले बाजारों में वीरानी छा गई। दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए और व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी बंद हो गए।
पुराना इलाका सांप्रदायिक लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शन और उपद्रव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही इलाके में बंदोबस्त कर रखा था। पुराना शहर के 15 थाना क्षेत्रों में सतर्कता आदेश जारी किए गए हैं। शहर के कुछ अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस के अलावा अर्ध सैनिक बलों को तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पुराने शहर में चारमिनार के समीप एक मंदिर के विस्तार पर विवाद छिड़ गया था और इसी को लेकर एमआईएम ने राज्य की सत्ताधारी कांग्रेस से नवंबर महीने में संबंध तोड़ लिया था। पुलिस ने इस मंदिर की सुरक्षा कड़ी कर दी है। विधानसभा में एमआईएम के सात विधायक हैं और ओवैसी विधानसभा में पार्टी विधायक दल के नेता हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें