आशा फैसिलिटेटर के चयन में अनियमितता का मामला तूल पकड़ने लगा
- सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी से हुआ खुलासा
नरकटियागंज सरकारी अस्पताल मे आशा फैसिलिटेटर की बहाली में अनियमितता का मामला जोर पकड़ने लगा है। प्रदेश छात्र जद यु के सचिव शाहनवाज रिजवान ने अपने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से असैनिक शल्य चिकित्सक पश्चिम चम्पारण बेतिया को कहा है कि राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक के पत्रांक 22638 पाँच जून 2011 तथा असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बेतिया के पत्रांक 466 दिनांक 1 जून 2011 के अनुसार 20 आशा कार्यकर्ताओ पर 1 आशा फैसिलिटेटर की बहाली की जानी थी, जिसमें घोर अनियमितता बरती गयी है। स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की अनुपस्थिति में स्वास्थ्य प्रबंधक शशांक शेखर, बीसीएम रीना मोदी ने 4 आशा फैसिलिटेटरों की बहाली कर ली। उल्लेखनीय है कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को उक्त बहाली के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया था। आशा दिवस 19 नवम्बर 2011 को बिना नोडल पदाधिकारी की मौजूदगी में स्वास्थ्य प्रबंधक व अन्य ने मात्र 39 आशा की उपस्थिति में 4 आशा फैसिलिटेटर की बहाली कर ली गयी, जबकि 4 आशा फैसिलिटेटर की बहाली के लिए कम से कम 80 आशा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य है, जैसा कि स्वास्थ्य निदेशालय का पत्र के हवाले से बताया गया है। आशा फैसिलिटेटर की बहाली में शिक्षा व वरीयता के मानदण्ड को भी दरकिनार किया गया है। छात्र जद यु के प्रदेश सचिव श्री रिजवान ने सिविल सर्जन बेतिया से मांग किया है कि उक्त बहाली प्रक्रिया की विधिवत जाँच कर अनियमितता बरतने वालों के विरूद्ध विभागीय दण्डात्मक कार्रवाई की जाए, अन्यथा बाध्य होकर माननीय उच्च न्यायालय की शरण में जाना पडे़गा। सिविल सर्जन को प्रेषित पत्र की प्रतिलिपि सचिव सह कार्यपालक निदेशक राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार पटना, क्षेत्रीय उपनिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं तिरहुत प्रमंडल मुजफ्फरपुर बिहार , जिला पदाधिकारी बेतिया पश्चिम चम्पारण एव अनुमण्डल पदाधिकारी नरकटियागंज को प्रेषित किया है।
आम आदमी पार्टी का नरकटियागंज में कार्यकर्ता सम्मेलन आज
आम आदमी पार्टी की प्रखण्ड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन गुरूवार को स्थानीय पोखरा चैक स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित है। उक्त बैठक में भ्रष्टाचार मुक्त भारत एवं सच्चे समाज की स्थापना के लिए अरविन्द केजरीवाल के हाथों को मजबूत करने वाले स्वच्छ छवि के कार्यकर्ता शामिल होंगे। उक्त आशय की जानकारी ”आप“ के जिला कोषाध्यक्ष सचिन विश्वास ने दी। उन्होने बताया कि सुबह के 11 बजे से कार्यकर्ता सम्मेलन होगा और स्थानीय स्तर पर पदाधिकारियों का चयन कर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगीं। 15 फरवरी को भितिहरवा आश्रम में गौनाहा, 17 फरवरी को मिडिल स्कूल में सिकटा, 18 फरवरी को दुर्गा मंदिर परिसर में मैंनाटांड प्रखण्ड में कार्यकर्ता सम्मेलन कर वहाँ ”आप“ संगठन को विधिवत प्रारम्भ कर दिया जाएगा। यह पार्टी ”आप“ आम लोगों की पार्टी है, जिसमें देश की तरक्की पसंद युवा भ्रष्टाचार के विरूद्ध शंखनाद करेंगे।
प्रेमी गिरफ्तार
स्थानीय शिकारपुर पुलिस ने अँखवा जमुनिया निवासी छोटन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। छोटन से पुलिस पूछताछ कर रही है। छोटन का कहना है कि उसके साथ मारपीट किया है लेकिन पुलिस यह नहीं बता रही कि उसे किस मामले में गिरफ्तार किया गया है। इलाके के बुद्धिजीवियों का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का है जिसमें पुलिस ने लड़की को हिरासत में लेकर परिजनों के हवाले कर दिया है। जबकि छोटन को अभी पुलिस की हिरासत में रखा गया है।
(अवधेश कुमार शर्मा)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें