सात महीने बाद अपना पहला टूर्नामेंट खेल रहे दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल को चिली ओपन के एकल और युगल दोनों फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है।
विश्व रैंकिंग में पांचवें नंबर पर काबिज और यहां शीर्ष वरीय नडाल को दुनिया के 73वें नंबर के खिलाड़ी अर्जेंटीना के होराशिओ जेबालोस ने लगभग तीन घंटे तक चले मुकाबले में 6-7, 7-6, 6-4 से हराकर अपने करियर का सबसे बड़ा उलटफेर किया और करियर का पहला खिताब जीत लिया।
11 ग्रैंड स्लैम खिताबों के विजेता नडाल को एकल के साथ-साथ युगल के फाइनल में भी हार का सामना करना पड़ा। नडाल और जुआन मोनाको को खिताबी मुकाबले में इटली के पाओलो लोरेंजी और पोतितो स्तारेस की जोड़ी ने 6-2, 6-4 से हराया। बाएं घुटने की चोट के कारण सात महीने तक टेनिस कोर्ट से बाहर रहे 26 वर्षीय नडाल ने पहला सेट टाईब्रेकर में जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद उन पर थकान का असर साफ दिखाई दिया और वह अगले दोनों सेट हारकर खिताब जीतने से वंचित रह गए। स्पेनी खिलाड़ी को सर्विस करने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था।
करियर में दूसरी बार किसी एटीपी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे जेबालोस ने शुरुआत से ही जबर्दस्त खेल दिखाया, लेकिन पहले सेट में वह दो ब्रेक अंक भुनाने में नाकाम रहे और नडाल को यह सेट टाईब्रेकर में खींचने का मौका मिल गया। नडाल ने फिर टाईब्रेकर 7-2 से जीतकर पहला सेट अपने नाम कर लिया। 27 वर्षीय जेबालोस ने दूसरा सेट टाईब्रेकर में 8-6 से जीतकर 1-1 की बराबरी हासिल की। निर्णायक सेट में नडाल ने पहले गेम में जेबालोस की सर्विस भंग की, लेकिन अगले गेम में अर्जेंटीनी खिलाड़ी ने इसका बदला चुकता कर दिया। नडाल पर थकान का असर साफ दिख रहा था और उन्हें सर्विस करने में दिक्कत हो रही थी।
जेबालोस ने इसका फायदा उठाते हुए यह सेट 6-4 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। जेबालोस की नडाल के खिलाफ दो मैचों में यह पहली जीत है। इससे पहले दोनों की बीच वर्ष 2010 में फ्रेंच ओपन में मुकाबला हुआ था जिसमें नडाल ने लगातार सेटों में जीत दर्ज की थी।
नडाल ने पिछले वर्ष फ्रेंच ओपन में अपना आखिरी खिताब जीता था। विंबलडन में दूसरे ही दौर में अप्रत्याशित हार के बाद वह बाएं घुटने में चोट के कारण लंदन ओलंपिक, यूएस ओपन और ऑस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा नहीं ले पाए थे। अब उनका लक्ष्य फ्रेंच ओपन में अपना खिताब बचाने के साथ-साथ नंबर एक का ताज दोबारा हासिल करना है। स्पेनी खिलाड़ी को इस महीने दक्षिण अमेरिका में अपने पसंदीदा क्ले कोर्ट पर दो और टूर्नामेंट खेलने हैं। नडाल इस सप्ताह साओ पाउलो में ब्राजील ओपन में उतरेंगे और फिर उनका 25 फरवरी से अकापुल्को में मैक्सिको ओपन में खेलने का कार्यक्रम है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें