कश्मीरी अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी के दामाद एवं वरिष्ठ पत्रकार इफ्तिखार गिलानी और उनके परिवार के सदस्यों को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने निंदा की है। एडिटर्स गिल्ड ने कहा कि दिल्ली पुलिस को इसके लिए इफ्तिखार गिलानी से माफी मांगनी चाहिए।
गिल्ड ने एक बयान में कहा, "पुलिस ने अपनी अनुचित कार्रवाई का कोई कारण नहीं बताया। राहत की बात यह है कि विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रदर्शन और गृह मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने अपनी गलती महसूस की।" बयान में कहा गया है, "पुलिस इफ्तिखार गिलानी और उनके परिवार से माफी मांगे तथा यह वादा करे कि भविष्य में उन्हें प्रताड़ित नहीं किया जाएगा या पत्रकार का दायित्व निभाने से रोका नहीं जाएगा।"
इफ्तिखार गिलानी ने शनिवार को दावा किया था कि अफजल गुरु को फांसी दिए जाने के बाद उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को हिरासत में रखा गया। पुलिस ने हालांकि उनके दावे का खंडन किया है। एडिटर्स गिल्ड ने श्रीनगर में पिछले दो दिनों से अखबारों की बिक्री पर लगे प्रतिबंध पर भी चिंता प्रकट की।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें