बिहार में शेखपुरा जिले के दो विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दस अन्य लोग घायल हो गए। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार गुरुवार देर रात कोसुंभा सहायक थाना क्षेत्र के वैसाडीह गांव में होली के गीत बजाए जाने को लेकर दो गुटों में हुए विवाद में हुई गोलीबारी में पूर्व सरपंच नंदलाल महतो के रिश्तेदार संजय कुमार की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
इधर, जिले के कसार क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी में तीन व्यक्ति घायल हो गए हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी डी़ एऩ यादव ने शुक्रवार को बताया कि इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरतार किया गया है, जिसके पास से एक राइफल भी बरामद हुआ है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें