भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने आगामी आम चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की भारी जीत के लिए सहयोगी दलों के साथ मिल-बैठकर रणनीति बनाने की वकालत की। पटना में शनिवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करते हुए राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि केंद्र सरकार को विशेष राज्य का दर्जा देने के मानदंडों में तुरंत बदलाव किया जाना चाहिए, ताकि बिहार जैसे राज्यों को जल्दी लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आने वाला समय बिहार जैसे राज्यों का है।
जेटली ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता अमूमन अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर ऊंचे ओहदों पर पहुंचते हैं, जबकि कांग्रेस में एक खास परिवार से ताल्लुक रखने वाले लोग ही ऊंचे पदों पर पहुंच पाते हैं।
जेटली ने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व का संकट है। साख का अभाव है। देश को सुरक्षित रखने की ताकत नहीं है। इस वजह से विदेशों में भारत का सम्मान कम हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। आगामी चुनाव में पार्टी ओर उसके सहयोगी दल कैसे अधिक से अधिक सीट जीत सके, इसके लिए मंथन करने की जरूरत है। उन्होंने बिहार के विकास की भी चर्चा की।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें