बिहार के सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र के एक निजी नर्सिग होम में कार्यरत एक नर्स के साथ शुक्रवार की रात कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार हटियागाछी स्थित नर्सिगहोम में कार्यरत 35 वर्षीय नर्स जब शुक्रवार की शाम कहीं से अपने घर लौट रही थीं, तो तीन लोगों ने पकड़कर उसके साथ सामूहिम दुष्कर्म किया। इस मामले में पीड़िता के बयान पर एक प्राथमिकी संबंधित थाना में दर्ज कराई गई है। इसमें तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
सदर थाना के थानाध्यक्ष सूर्यकांत चौबे ने शनिवार को बताया कि इस मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान हटिया गाछी के मोहम्मद लालबाबू, मोहम्मद मोजिम और मोहम्मद साजिम के रूप में की गई है। आरोपियों की उम्र 45 वर्ष से अधिक है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें