कर्नाटक में एक चुनाव रैली को संबोधित करने जा रहीं बीएसपी प्रमुख मायावती के हेलिकॉप्टर और उनकी कार की तलाशी ली गई है। खबर है कि तलाशी चुनाव आयोग के निर्देश पर ली गई। मगर, बीएसपी ने इस पर कड़ा एतराज जाहिर करते हुए सवाल किया है कि क्या कभी सोनिया गांधी और राहुल गांधी की गाड़ियों की भी तलाशी ली जाती है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को मायावती कर्नाटक के गेवरगी में एक रैली को संबोधित करने जा रही थीं। कर्नाटक के गुलबर्गा तक वह हेलिकॉप्टर से पहुंचीं और वहां से कार से गेवरगी जा रही थीं। गुलबर्गा में ही पुलिसकर्मियों ने मायावती के हेलिकॉप्टर की तलाशी ली। उनकी कार की भी तलाशी ली गई। तलाशी के वक्त मायावती के साथ सतीश चंद्र मिश्रा भी मौजूद थे।
तलाशी के बाद मायावती आगे बढ़ गईं और उन्होंने तय कार्यक्रम के मुताबिक गेवरगी में रैली को संबोधित किया। मगर, बीएसपी के लोग इस तलाशी से भड़के हुए हैं। उनका कहना है कि यह उनके नेताओं की इस तरह से तलाशी लेना पूरी पार्टी का अपमान है। कर्नाटक के बीएसपी नेताओं ने सवाल किया कि क्या सोनिया गांधी और राहुल गांधी की कभी इस तरह तलाशी ली गई? उनका कहना है कि वह इस बात को जोर-शोर से उठाएंगे।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें