कोयंबटूर के एक व्यवसायिक परिसर में भीषण आग. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 25 अप्रैल 2013

कोयंबटूर के एक व्यवसायिक परिसर में भीषण आग.


कोयंबटूर में एक चार मंजिला व्यवसायिक परिसर की तीसरी मंजिल पर लगी भीषण आग में चार महिलाओं की मौत हो गई और सात व्यक्ति घायल हुए. पुलिस ने बताया कि हताहतों में एक स्टॉक ब्रोकरेज कंपनी की कर्मचारी थी. इनमें दो हाउस कीपिंग कर्मचारी थे. सात अन्य जो घायल हुए हैं, उनमें से कुछ इमारत में आग लगने की दहशत में दूसरी और तीसरी मंजिल से कूद गए.
     
पुलिस और दमकल कर्मचारियों ने बताया कि करीब 200 लोग सकुशल इमारत से बाहर निकल आए. पुलिस ने बताया कि व्यस्त अवनाशी मार्ग पर स्थित इमारत की तीसरी मंजिल से धुआं निकलता देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. चौकीदार ने शोर मचा दिया, जिसके बाद इमारत में काम करने वाले लोग एकमात्र निकास से सकुशल बाहर निकलने लगे.
     
चार महिलाएं धुएं में फंस गईं और उनका दम घुट गया. दमकल और राहत विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आग ने कार्यालय को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे महिलाएं आंशिक रूप से जल गईं और उनकी मौत हो गई.
     
वायु सेना और नौ सेना के दमकल वाहनों सहित कुल नौ गाड़ियों ने करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया. उसके बाद ही राहतकर्मी शवों को बाहर निकाल पाए. शुरू में उनकी पहचान दो पुरूष और दो महिलाओं के तौर पर हुई थी, जिन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया था. ब्रोकरेज फर्म में काम करने वाली दो महिला कर्मचारी, जो आग की दहशत में कूद गई थीं, उनकी हड्डियां टूट गई हैं और उन्हें निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आग बुझाने के दौरान दो दमकल कर्मचारी भी गिर गए.  उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बताया कि तीन लोगों का बहिरंग रोगी के रूप में उपचार किया गया.
     
जिला कलक्टर एम करूणागरन, पुलिस आयुक्त ए के विनाथन और अन्य वरिष्ठ जिला और पुलिस अधिकारियों ने राहत अभियानों का निरीक्षण किया. पुलिस को भीड़ और यातायात पर नियंत्रण पाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि इमारत राष्ट्रीय राजमार्ग पर थी और व्यस्त समय में यहां खासी भीड़भाड़ रहती है.
     
अधिकारियों को लगता है कि इमारत के पास अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र नहीं था. हालांकि सुबह साढ़े दस बजे के आसपास आग लगने की वजह फिलहाल मालूम नहीं हो पाई है. करूणागरन ने कहा कि शुरूआती सूचना से ऐसा लगता है कि एक एसी पाइप से हुए शार्ट सर्किट से आग लगी होगी. हालांकि इस संबंध में जांच जारी है. इस बीच निजी क्षेत्र के एक बैंक ने इस बात से इंकार किया कि आग में उसके कर्मचारियों की मौत हुई है. एक विज्ञप्ति में मुंबई स्थित बैंक ने कहा कि इमारत में उसके सभी कार्यालय और कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं.

कोई टिप्पणी नहीं: