अब आपको अनचाही कॉल्स और एसएमएस से छुटकारा मिल जाएगा। अगर किसी मोबाइल नंबर से अनचाही कॉल की गई या एसएमएस भेजा गया, तो वह कनेक्शन तुरंत बंद कर दिया जाएगा। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने अनचाही कॉल्स-एसएमएस को रोकने के लिए यह फैसला किया है।
ट्राई के सदस्य आरके अर्नॉल्ड ने बताया कि इस तरह के सब्स्क्राइबर्स के नाम ब्लैक लिस्ट में डाले जाएंगे और दो साल तक उन्हें कोई कनेक्शन नहीं दिया जाएगा। टेलिकॉम कमर्शल कम्यूनिकेशंस कस्टमर प्रिफरेंस रेग्युलेशंस, 2013 में संशोधन करते हुए ट्राई ने कहा कि कोई सही शिकायत मिलने पर दूरसंचार ऑपरेटर तुरंत जांच करेंगे। शिकायत सही पाए जाने पर उस यूजर को अलॉट सभी कनेक्शन काट दिए जाएंगे। यह प्रावधान तुरंत लागू हो गया है।
ट्राई ने कहा कि उसने यह कदम अनरजिस्टर्ड टेलिमार्केटिंग कंपनियों पर लगाम लाने के लिए उठाया है। उन्होंने कहा कि कई प्राइवेट कनेक्शन से लोगों को कमर्शल मेसेज भेजे जा रहे हैं। इस संशोधन के बाद ऐसे कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें