सीबीआई ने रेलवे की फाइलें जब्त कीं - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 14 मई 2013

सीबीआई ने रेलवे की फाइलें जब्त कीं



सीबीआई ने रेलवे में प्रोन्नति और निविदाओं से संबंधित फाइलें सोमवार को जब्त कीं जिनका जिक्र पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल के भांजे और रेलवे बोर्ड के निलंबित सदस्य महेश कुमार से जुड़े रिश्वत मामले के सिलसिले में सुने गए फोन काल में आया है।


सीबीआई सूत्रों ने बताया कि एजेंसी की एक टीम रेल भवन गई और उन निविदाओं और प्रोन्नति से जुड़ी फाइलें एकत्र की जिनका जिक्र पिछले दो महीनों के दौरान एजेंसी द्वारा सुने गए फोन काल में आया है। सूत्रों ने हालांकि उन निविदाओं और प्रोन्नतिओं के बारे में विशिष्ट ब्यौरा देने से इंकार किया एजेंसी जिनकी छानबीन कर रही है क्योंकि इससे जांच पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

सूत्रों ने कहा कि अगर इन रिकार्ड में प्रथम दृष्टया भ्रष्टाचार प्रकट होता है या टैप किए गए फोन काल में आरोपियों द्वारा किए गए दावे सही साबित होते हैं तो एजेंसी उन मामलों में नए मुकदमे दर्ज करेगी क्योंकि मौजूदा मुकदमा बंसल के भांजे विजय सिंगला को रेलवे बोर्ड के तत्कालीन सदस्य महेश कुमार द्वारा अपने पसंदीदा पद के लिए 90 लाख रुपये की रिश्वत देने के आरोप से ही जुड़ा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार चार आरोपियों सिंगला, कुमार और बिचौलिए मंजूनाथ तथा संदीप गोयल के बीच हुयी बातचीत में जिन अधिकारियों का जिक्र हुआ है, एजेंसी पूछताछ के लिए उन्हें बुला सकती है। सूत्रों ने बताया कि एजेंसी मुख्य रूप से चारों लोगों के सुने गए फोन कालों पर ध्यान दे रही है कि उन्होंने मिलकर कथित रूप से षड्यंत्र रचा था। इस सिलसिले में एजेंसी के बंसल से भी पूछताछ करने की संभावना है। इसके अलावा रेलवे बोर्ड के कुछ वरिष्ठ सदस्यों से भी पूछताछ की जा सकती है।

सूत्रों ने बताया कि एजेंसी इस सिलसिले में रेलवे बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष विनय मित्तल का बयान भी इस सिलसिले में दर्ज कर सकती है। यह मामला कुमार की रेलवे बोर्ड में सदस्य (इलेक्ट्रिक) पद पर नियुक्ति की आकांक्षा से संबंधित है। इसके लिए उन्होंने कथित तौर पर बंसल के भांजे सिंघला के करीबी सहयोगी गोयल से संपर्क किया था। गोयल ने कथित तौर पर इसके लिए 10 करोड़ रुपये की मांग की थी। इसी दौरान कुमार को महाप्रबंधक (पश्चिम) से रेलवे बोर्ड में सदस्य (स्टाफ) पद पर प्रोन्नति दे दी गई। वह कथित तौर पर महाप्रबंधक (पश्चिम) का अतिरिक्त पद भार भी अपने पास रखना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने गोयल से संपर्क किया। इसके लिए गोयल ने अतिरिक्त दो करोड़ रुपये तत्काल भुगतान करने की मांग की थी। एजेंसी का आरोप है कि 90 लाख रुपए की पहली किस्त सिंगला को दी गई थी। इसके बाद सीबीआई ने छापे मारे थे। सीबीआई ने इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

कोई टिप्पणी नहीं: