पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बेटे अली हैदर गिलानी का गुरुवार को कुछ हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया. अपहर्ताओं ने गोलीबारी भी की, जिसमें हैदर के सचिव की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए.
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने घटना की निंदा करते हुए इसे दुश्मनों का कायराना कदम करार दिया. राष्ट्रपति ने सरकारी एजेंसियों से हैदर को जल्द व सही सलामत ढूंढने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा.
समाचार पत्र 'डॉन' की वेबसाइट के अनुसार, हथियारबंद अपहर्ताओं ने हैदर को मुल्तान के मत्ती-ताल रोड पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की नुक्कड़ सभा से अगवा कर लिया. अपहर्ताओं ने गोलीबारी भी की, जिसमें हैदर के सचिव मोहिउद्दीन सहित पांच घायल हो गए. मोहिउद्दीन की बाद में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, अपहर्ता हैदर को काले रंग की होंडा सिटी कार में ले गए. कुछ अपहर्ता मोटरसाइकिल से आए थे.
देश में आम चुनाव के लिए 11 मई को मतदान होना है, जिसमें हैदर मुल्तान से पीपीपी के प्रत्याशी हैं. हैदर के अपहरण से उनके भाई अली मूसा तथा अब्दुल कादिर बेहद गुस्से में और गमगीन हैं. भावुक मूसा ने समाचार चैनलों से कहा, "मैं किसी भी कीमत पर अपने क्षेत्र में चुनाव नहीं होने दूंगा. मेरे भाई का अपहरण हुआ है, मैं मुल्तान में चुनाव कैसे होने दूंगा?" पुलिस हैदर को ढूंढने की हरसंभव कोशिश कर रही है. मुल्तान से निकलने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं. फिलहाल किसी भी समूह ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है.
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें