रुपये के अवमूल्यन और अंतर्राष्ट्रीय मूल्यों में वृद्धि के कारण पेट्रोल के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की जा रही है। शनिवार मध्य रात्रि से प्रभावित हो रही वृद्धि में कर अतिरिक्त होंगे। स्थानीय कर या मूल्य वर्धित कर (वैट) को शामिल करते हुए उपभोक्ताओं के लिए प्रभावी मूल्य नई दिल्ली में 66.39 रुपये, कोलकाता में 73.79 रुपये, मुंबई में 74.60 रुपये और चेन्नई में 69.39 रुपये प्रति लीटर होगा।
इस महीने पेट्रोल के मूल्य में यह दूसरी वृद्धि है। 1 जून को ईंधन मूल्य में 0.75 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। जून 2010 में सरकार ने पेट्रोल के मूल्य को नियंत्रण मुक्त करते हुए घोषणा की थी कि तेल कंपनियां पखवाड़ा आधार पर कीमत तय कर सकेंगी। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) ने कहा कि रुपये के अवमूल्यन और कच्चे तेल के दाम में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हुई वृद्धि के कारण मूल्य वृद्धि की जा रही है।
आईओसी ने एक बयान में कहा है, "पिछले मूल्य परिवर्तन से रुपये में गिरावट जारी है। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय एमएस (मोटर स्पिरिट) मूल्य भी इस अवधि में बढ़ गया। इन दोनों तथ्यों के संयुक्त प्रभाव ने एमएस मूल्य वृद्धि के लिए मजबूर किया है।" 1 जून से डॉलर-रुपया विनिमय दर 55.32 रुपये प्रति डॉलर से खिसक कर 57.08 रुपये प्रति डॉलर हो गया। आईओसी के मुताबिक अमेरिकी डॉलर-रुपये के विनिमय दर में गिरावट के कारण संवेदनशील उत्पादों का घाटा बढ़ गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें