उत्तराखंड में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में मौत के शिकार हुए बिहार के लोगों के परिजनों को बिहार सरकार दो-दो लाख रुपये की सहायता देगी। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर उत्तराखंड त्रासदी से प्रभावित लोगों की सहायता तथा राहत पहुंचाने के लिए बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने का निर्देश दिया। बैठक में नई दिल्ली में पदस्थापित बिहार के स्थानीय आयुक्त सुनील बथ्र्वाल को देहरादून जाने का निर्देश दिया गया है जो उत्तराखंड में प्रभावित बिहार के लोगों के बचाव और राहत कार्यो का समन्वय करेंगे। गौरतलब है कि बिहार सरकार ने इस आपदा से निपटने के लिए बतौर सहायता राशि पांच करोड़ रुपये भेजे हैं।
राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष में विभिन्न क्षेत्रों से पीड़ित व्यक्तियों की सूचना एकत्र की जा रही है। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, उत्तराखंड त्रासदी में बिहार के 300 लोगों के फंसने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उत्तराखंड सरकार से संपर्क कर समुचित सहायता दिलाने का प्रयास किया गया। इस क्रम में अब तक 30 व्यक्तियों को सुरक्षित बचाया गया है। इस बीच बिहार सरकार ने उत्तराखंड त्रासदी में मौत के शिकार हुए बिहार के लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव रवींद्र पवार के नेतृत्व में अधिकारियों का एक दल शनिवार को उत्तराखंड जाएगा तथा बिहार के लोगों के लिए राहत और बचाव कार्य में सहयोग करेगा। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अशोक कुमार सिन्हा, पुलिस महानिदेशक अभयानंद, गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुब्हानी, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव ब्यास जी सहित कई पदाधिकारी शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें