चीन की पीपल्स लिब्रेशन आर्मी (PLA) के एक जनरल ने भारत को सीधी धमकी देते हुए कहा कि है कि वह सीमा पर सैनिक हलचल बढ़ाकर 'नई मुसीबत' मोल न ले। यह धमकी ऐसे वक्त आई है जब रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी चीन दौरे पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। इस चीनी जनरल ने साथ ही इशारों-इशारों में अरुणाचल प्रदेश को चीन का हिस्सा बताकर भारत पर उसे कब्जाने का आरोप लगाया।
चीनी सेना के मेजर जनरल लुओ युआन ने कहा कि कोई भी इससे इनकार नहीं कर सकता है कि भारत-चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर तनाव नहीं है। युआन चाइनीज स्ट्रैटिजी कल्चर प्रमोशन असोसिएशन के सेक्रेटरी जनरल और एग्जेक्युटिव वाइस प्रेजिडेंट भी हैं। युआन को पड़ोसी देशों और अमेरिका के साथ चीन के रिश्तों पर बेहद आक्रामक नजरिए के लिए जाना जाता है।
एंटनी के चीन दौरे और भारत-चीन संबंधों पर PLA की राय को लेकर विदेशी पत्रकारों के सवालों पर युआन ने कई आक्रामक जवाब दिए। युआन ने भारत पर ही चीन के 90 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कब्जाने का आरोप लगाया। युआन ने कहा, 'भारत द्वारा कब्जाए गए 90 हजार वर्ग किलोमीटर हिस्से को लेकर समस्या बरकरार है। यह समस्या सालों से है और इस पर ठंडे दिमाग से विचार करना होगा।' युआन के 90 हजार वर्ग किलोमीटर की टिप्पणी अरुणाचल प्रदेश को लेकर थी। चीन अरुणाचल को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताकर उस पर अपना हक जताता रहा है।
इस चीनी जनरल ने कहा कि भारत को सीमा पर सैनिक हलचल बढ़ाकर नई परेशानियों को दावत देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत अकेला देश है जो यह कहता रहता है कि वह चीन से खतरे के कारण अपनी सैनिक क्षमता बढ़ा रहा है। भारत को अपनी कथनी और करनी को लेकर थोड़ा सतर्क रहना चाहिए।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें