कांग्रेस के आला नेताओं की शुक्रवार को बैठक होगी जिसमें अलग तेलंगाना राज्य के मुद्दे पर अंतिम फैसला किया जाएगा। अलग तेलंगाना राज्य के मुद्दे ने आंध्र प्रदेश में क्षेत्रीय आधार पर सभी राजनैतिक दलों को बांट दिया है। पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने पहले ही इस संबंध में प्रस्ताव पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दिया है क्योंकि संप्रग सरकार अलग तेलंगाना राज्य की मांग पर विकल्पों को तौल रही है। सिंह आंध्र प्रदेश के पार्टी मामलों के प्रभारी हैं।
आंध्र प्रदेश से रायलसीमा क्षेत्र के दो जिलों और तेलंगाना क्षेत्र को काटकर रायल-तेलंगाना के रूप में अलग राज्य बनाए जाने की अटकलों के बीच रायलसीमा संयुक्त कार्रवाई समिति के सदस्यों ने आज सिंह से मुलाकात कर अपनी आपत्ति जताई।तेलंगाना क्षेत्र से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य पी गोवर्धन रेड्डी ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की ताकि इस मामले पर जल्द फैसले के लिए दबाव बनाया जा सके। तेलंगाना क्षेत्र के पार्टी के कुछ नेताओं ने दिग्विजय सिंह से भी मुलाकात की। जहां कांग्रेस कोर समूह की शुक्रवार को होने वाली बैठक में इस मुद्दे पर फैसला होने की उम्मीद है, वहीं राहुल गांधी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोत्सा सत्यनारायण से भी विचार-विमर्श करेंगे। उन्हें भी महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया जा सकता है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें