बोधगया धमाकों के एनआईए को कुछ सुराग मिले. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 10 जुलाई 2013

बोधगया धमाकों के एनआईए को कुछ सुराग मिले.

बोधगया धमाकों के तीन दिन बाद भी जांच किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है हालांकि एनआईए को कुछ सुराग मिले हैं जो अहम साबित हो सकते हैं. इनमें सबसे अहम हैं तीन फोन नंबर. मौका-ए-वारदात से एनआईए को एक पर्ची मिली जिस पर तीन फोन नंबर लिखे हुए थे. तीन में से दो नंबर काम नहीं कर रहे हैं जबकि एक नंबर धमाके वाले दिन सुबह तक चालू था. धमाकों से पहले उस नंबर से ताबड़तोड़ नौ मैसेज भेजे गए. आखिरी मैसेज तड़के 4 बजे भेजा गया. धमाके 5 बजकर 25 मिनट पर शुरू हुए थे.

इसके अलावा एनआईए को कुछ और कागज के पुर्जे मिले हैं जिन पर उर्दू में कुछ लिखा हुआ है. बुद्ध की बड़ी प्रतिमा के पास मिले कागज पर लिखा है 'बड़ा बुत'. जबकि बौद्ध विहार के पास मिले कागज पर लिखा है 'इराक वॉर'. हालांकि एनआईए इसे जांच को भटकाने की कोशिश के तौर पर ही देख रही है.

बोधगया धमाकों के पीछे किन लोगों का हाथ है यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है लेकिन ट्विटर के जरिए धमाकों की जिम्मेदारी ली गई है. 'आईएम' नाम से बनाए गए ट्विटर अकांउट पर संदेश आया कि हमने नौ धमाके कराए. अब हमारा अगला निशाना मुंबई है. रोक सको तो रोक लो. सिर्फ सात दिन बाकी हैं.

ट्विटर पर ये अपडेट धमाकों के 12 घंटे बाद आया था. ट्विटर के इसी अकाउंट पर एक अपडेट धमाकों के एक रोज पहले भी आया था. 6 जुलाई को आए इस संदेश में मुंबई को निशाना बताया गया था.

बोधगया ब्लास्ट मामले में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी आज घटनास्थल का मुआयना करेंगी. केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे और गृह सचिव अनिल गोस्वामी भी उनके साथ होंगे. आज का दिन मामले की जांच में अहम हो सकता है. बिहार पुलिस ने तीन युवकों और एक युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक चारों सीसीटीवी कैमरे में कैद तस्वीरों में दिखे थे. इंडियन मुजाहिदीन के कुछ आतंकियों से भी पूछताछ चल रही है. उनसे पूछताछ में अहम जानकारी मिल सकती है.

कोई टिप्पणी नहीं: