एनडीए की घटक शिवसेना ने ‘हिंदू राष्ट्रवादी’ संबंधी गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का बचाव किया और कहा कि जेडीयू का गठबंधन से नाता तोड़ने का फैसला गलत था. शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने दक्षिण मुंबई में कहा, ‘मोदी ने यह कहकर कोई गलती नहीं की कि वह हिंदू हैं. बीजेपी में मोदी की पदोन्नति के बाद धर्मनिरपेक्षता के मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एनडीए से अलग होना गलत था.’ उन्होंने कहा, ‘क्या यह कहना अपराध है कि आप हिंदू हैं? देश में यह कहना कब से अपराध हो गया कि आप हिंदू हैं?’
खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उद्धव ने सवाल किया कि कांग्रेस यह स्कीम अब क्यों लागू कर रही है. उन्होंने कहा कि पिछले साल जब गोदामों में खाद्यान्न सड़ रहे थे, सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया था कि अनाज गरीबों के बीच बांट दिया जाए. लेकिन सरकार ने कोर्ट के निर्देश पर ध्यान नहीं दिया.
उद्धव कहा कि कांग्रेस ने चर्चा के जरिए संसद में खाद्य विधेयक पारित कराने के बदले अध्यादेश का रास्ता चुना क्योंकि पार्टी का मालूम है कि वह फिर से सत्ता में नहीं आ रही है. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस डूब रही है उन्हें मालूम है कि वे फिर से सत्ता में नहीं आ रहे हैं. यही वजह है कि वे खाद्य सुरक्षा विधेयक पर इतना जोर दे रहे हैं.’ उन्होंने घोषणा की कि छोटा राजन के कथित सहयोगी राम नारायण गुप्ता उर्फ लखन भैया के फर्जी मुठभेड़ मामले में उम्र कैद की सजा सुनाए गए पुलिसकर्मियों को शिवसेना कानूनी सहायता मुहैया कराएगी. उद्धव ने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों को भी मदद देंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें