कांग्रेस की आर्थिक नीतियों से पनपा नक्सलवाद: स्वामी रामदेव - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 5 जुलाई 2013

कांग्रेस की आर्थिक नीतियों से पनपा नक्सलवाद: स्वामी रामदेव

रांची। योग गुरु स्वामी रामदेव ने आज एक प्रेस वार्ता में कहा कि झारखंड और इस देश  का नक्सलवाद कांग्रेस की भ्रष्ट आर्थिक नीतियों की वजह से पनपा है। देश की खनिज संपदाओं के दोहन के लिए 100000 गांव उजाड़ दिये गये। लाखों परिवार विस्थापित हुए और इससे नक्सलवाद का जन्म हुआ। हालांकि आज के नक्सलवाद का अपराधीकरण हो चुका है। सत्ता और व्यवस्था में बदलाव हो लेकिन लोकतांत्रिक तरीके से। श्री रामदेव ने कहा कि कांग्रेस के विनाश का समय आ गया है। झारखंड में वह येन-केन प्रकारेण सरकार बना रही है। इससे अगले लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए विधायकों-सांसदों की खरीद-फरोख्त होगी। इससे झारखंड को कुछ नहीं मिलना है। 

एफडीआई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अकेले कांग्रेस परिवार के पास 400-500 लाख करोड़ पैसा विदेशों में जमा है। इस पैसे को वापस देश में लाने और अपने कालेधन के पैसों का जुगाड़ करने के लिए एफडीआई पर जोर दिया जा रहा है। 20,00000 करोड़ की एफडीआई लाई जाने की प्रक्रिया जारी है। इनमें कितना और किसकी हिस्सेदारी है, इसके बारे में नहीं बताया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विधेयक के बारे में रामदेव ने कहा कि तीन रुपये किलो चावल और दो रुपये किलो गेहूं देने की योजना के पीछे असल मकसद गरीबों को बेवकूफ बनाना और उसे अपने पक्ष में मतदान के लिए तैयार करना है। कांग्रेसियों को जेल भेजे जाने पर ही सच सामने आएगा। चूंकि संसद में हिम्मत उसे नहीं है सो अध्यादेश के जरिए इसे थोपना चाह रही है। भ्रष्टाचार, महंगाई, कालाधन, गरीबी जैसे गंभीर मुद्दों से हटकर वह सांप्रदायिकता बनाम गैर सांप्रदायिकता के नाम पर कांग्रेस देश को बांट रही है। 

उत्तराखंड की आपदा को एक अकेले व्यक्ति विजय बहुगुणा की नादानी बताते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि वह व्यक्ति एक घर तक चलाने के योग्य नहीं है। मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बावजूद उसने समझदारी नहीं दिखाई। पुनर्वास, राहत कार्यक्रम भी बेहद गैर-जिम्मेदाराना तरीके से चला है। 10,000 लाशें अब भी हिमालय के कई हिस्सों में दिख रही हैं। ऐसे समय में अपने जन्मदिन के नाम पर राहुल विदेशों में रंगरेलियां मना रहे थे जो क्षोभ पैदा करता है। श्री रामदेव ने कहा कि 2000 करोड़ की सहायता राशि में भी आधे पैसे कांग्रेसियों के पेट में चले जाएंगे। उनकी तरफ से आपदा प्रभावितों के लिए 50 ट्रक राहत सामग्रियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में भेजे गये हैं। अनाथ हो चुके तकरीबन 500 बच्चों, महिलाओं को हम अपने आश्रम में रखकर जीने-खाने और आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देने का काम शुरू कर चुके हैं। 

नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी प्रकरण पर श्री रामदेव ने कहा कि जीवनभर कांग्रेस की खिलाफत करने वाले नीतीश आज कांग्रेसियों के आस पर हैं। जयप्रकाश नारायण के आदर्शों, सपनों को उन्होंने बेकार कर दिया है। नरेंद्र मोदी अति पिछड़ा वर्ग से आते हैं, ऐसे में नीतीश को उन्हें समर्थन देना चाहिए था। अमेरिका की एक कोर्ट द्वारा योग को जाति, संप्रदाय से परे हटकर सबों के लिए आदर्श कहे जाने का उन्होंने स्वागत किया। कहा कि अब कई दलों, ढोंगियों को यह कहने का मौका नहीं रह गया कि योग केवल हिंदुओं या किसी धर्म विशेष का है।  


---अमित झा---
रांची 

कोई टिप्पणी नहीं: