छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर ( 06 जुलाई ) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 6 जुलाई 2013

छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर ( 06 जुलाई )

विधिक साक्षरता शिविर एवं वृक्षारोपण का आयोजन सम्पन्न
  
छतरपुर/06 जुलाई/जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विमल कुमार जैन के निर्देशन एवं वन विभाग छतरपुर के सहयोग से जिला न्यायालय परिसर छतरपुर में वृक्षारोपण एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं न्यायालय के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा न्यायालय परिसर में फलदार एवं अन्य वृक्षों का रोपण किया गया। जिला न्यायाधीश श्री विमल कुमार जैन द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण के संतुलन हेतु वृक्षों की अनिवार्यता एवं उनके महत्व पर बल दिया गया। प्रथम अपर जिला न्यायाधीश श्री डी के पालीवाल ने कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण विधि को एवं पर्यावरण बचाने हेतु सुप्रीम कोर्ट तथा हाई कोर्ट द्वारा उठाये जा रहे उपायों पर विस्तारपूर्वक व्याख्यान दिया गया। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनोज व्यास ने जिला न्यायालय छतरपुर को हमेशा वृक्षों से हरा-भरा रखने का प्रण लिया। कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश संजीव दत्ता, डी के पालीवाल, कृष्णमूर्ति मिश्र, संजय कस्तवार, शशिकांता वैश्य, मुख्य वनमंडलाधिकारी छतरपुर, महाप्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक एवं जिला न्यायालय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे। 

लेखा प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित

छतरपुर/06 जुलाई/आगामी 1 अगस्त 2013 से लेखा प्रशिक्षण विद्यालय, सागर का 80वां नियमित लेखा प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ हो रहा है। लेखा प्रशिक्षण विद्यालय, सागर के प्राचार्य डाॅ. सी एम कनोरिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार सागर संभाग के अंतर्गत समस्त जिलों के लिपिक वर्गीय कर्मचारी जो कि इस नियमित लेखा प्रशिक्षण सत्र में प्रवेश लेने के इच्छुक हैं, वे संबंधित आहरण-संवितरण अधिकारी अथवा कार्यालय प्रमुख के माध्यम से अपना आवेदन पत्र 19 जुलाई 2013 तक लेखा प्रशिक्षण विद्यालय, गोपालगंज, सागर के पते पर भिजवा सकते हैं। 

डाक मतपत्र जारी करने के संबंध में निर्देश जारी

छतरपुर/06 जुलाई/मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, भोपाल द्वारा समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के नवीन दिशा-निर्देश अनुसार निर्वाचन ड्यूटी में संलग्न मतदान कर्मियों के डाक मतपत्र जारी करने हेतु कार्यवाही सुनिश्चित् करने के निर्देश दिये हैं, जिसके तहत मतदान ड्यूटी में संलग्न मतदान कर्मी का डाटाबेस तैयार किये जाने के पूर्व यह सुनिश्चित् करना होगा कि उसका नाम संबंधित जिले की वोटर लिस्ट में दर्ज हो एवं मतदान कर्मियों के लिये तैयार किये जा रहे डाटाबेस में संबंधित कर्मचारी का विधान सभा क्षेत्र, मतदान केंद्र क्रमांक, नाम, मतदाता का सरल क्रमांक व फोटो परिचय पत्र क्रमांक इत्यादि का ब्योरा दर्ज हो। कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर ने बताया कि आयोग द्वारा फाॅर्म 12 एवं 12-क के लिये आॅनलाइन साफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है, जो कि शीघ्र ही सभी रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को उपलब्ध करा दिया जायेगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित् करने के निर्देश दिये हैं। 

डाटा एन्ट्री आॅपरेटर की सेवा समाप्त

छतरपुर/06 जुलाई/कलेक्टर एवं सचिव, जिला ई-गवर्नेन्स सोसायटी डाॅ. मसूद अख्तर ने कलेक्टर कार्यालय में जिला ई-गवर्नेेन्स सोसायटी के तहत पदस्थ संविदा डाटा एन्ट्री आॅपरेटर प्रमोद खरे की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है। श्री खरे द्वारा विगत 1 जून 2013 से बिना अनुमति एवं सूचना के अनुपस्थित रहने पर पत्राचार, ई-मेल एवं दूरभाष पर वस्तुस्थिति से अवगत कराने हेतु निर्देशित किया गया था, किंतु श्री खरे द्वारा निर्धारित समयावधिमें न तो काई समाधानकारक जवाब प्रस्तुत किया गया और न ही कत्र्तव्य पर उपस्थिति दी गई। अतः संविदा शर्त की कंडिका 21 का उल्लंघन पाये जाने पर डाटा एन्ट्री आॅपरेटर प्रमोद खरे की सेवा समाप्त की गई है। 

अन्न उत्सव का आयोजन आज से 9 जुलाई तक  

छतरपुर/06 जुलाई/राज्य शासन द्वारा प्रत्येक माह की 7, 8 एवं 9  तारीख को अन्न उत्सव के रूप में मनाये जाने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत जिले में 7 से 9 जुलाई तक खाद्यान्न के वितरण हेतु अन्न उत्सव का आयोजन किया गया है। उत्सव के दौरान हितग्राहियों को सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों से राशन सामग्री का वितरण नोडल अधिकारी की उपस्थिति में किया जायेगा। नोडल अधिकारी शासन के निर्देशानुसार राशनकार्डधारी हितग्राहियों को नियत मात्रा एवं दर पर राशन सामग्री का वितरण सुनिश्चित् करेंगे। इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी द्वारा प्रत्येक माह अन्न उत्सव के आयोजन के पूर्व हितग्राहियों को जानकारी से अवगत कराने, अन्न उत्सव के दिन प्रातः 8 बजे से संबंधित उचित मूल्य दुकान में उपस्थित रहकर राशन सामग्री के वितरण हेतु आवश्यक तैयारी करने, उत्सव के दिन दुकान बंद होने पर दुकानदार के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करने, दुकान में स्टाॅक बोर्ड तथा योजनावार संलग्न राशनकार्डों के हितग्राहियों की सूची प्रदर्शित करने तथा वितरण के दौरान पुरूष एवं महिलाओं की पृथक-पृथक व्यवस्था सुनिश्चित् करने का कार्य किया जायेगा। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री नारायण शर्मा द्वारा समस्त शासकीय उचित मूल्य दुकानों के विक्रेताओं को राशन का वितरण नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में ही करने के निर्देश दिये गये हैं। 
मान्यता प्राप्त रानैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न 
  • पेड न्यूज के संबंध में कलेक्टर ने दी जानकारी

छतरपुर/06 जुलाई/विधानसभा निर्वाचन 2013 को सुचारू एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के मान्यता प्राप्त रानैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने कहा कि अगर कोई राजनैतिक दल शुल्क देकर मीडिया द्वारा अपने पक्ष में समाचार प्रकाशित या प्रसारित करवाता है तो वह पेड न्यूज के अंतर्गत माना जायेगा। पेड न्यूज की माॅनिटरिंग करने के लिये जिला स्तर पर मीडिया सर्टिफिकेशन एण्ड माॅनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है। इस समिति की सूचना पर रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 96 घंटे के अंदर संबंधित अभ्यर्थी को नोटिस दिया जायेगा। नोटिस मिलने के 48 घंटे के भीतर अभ्यर्थी से कोई जवाब नहीं मिलता है तो उक्त समिति का निर्णय अंतिम होगा। समिति द्वारा जांच में पेड न्यूज पाये जाने पर इसे विज्ञापन मानते हुये अभ्यर्थी के निर्वाचन व्यय में शामिल किया जायेगा। यह समिति यह भी जांच करेगी कि किसी पेम्पलेट, पोस्टर, हैंडबिल और अन्य दस्तावेजों में प्रकाशक और मुद्रक का नाम एवं पता प्रिन्ट है या नहीं। ऐसा नहंि पाये जाने पर यह समिति इसकी जानकारी रिटर्निंग अफसर को देगी। कलेक्टर ने बताया कि राज्य स्तर पर भी एमसीएमसी की स्थापना की गई है। यह समिति जिला स्तरीय समिति के निर्णय के विरूद्ध अपील प्राप्त करने का कार्य करेगी। पेड न्यूज से संबंधित राज्य स्तरीय एमसीएमसी के निर्णय के विरूद्ध अपील भारत निर्वाचन आयोग को की जायेगी। कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने कहा कि सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिये आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2013 की स्थिति में जिन व्यक्तियों की आयु 18 वर्ष पूरी हो गई है, वे मतदाता सहायता केंद्रों पर जाकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिये आवेदन दे सकते हैं। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त करते हुये कहा कि राजनैतिक दल ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने में सहयोग करें जहां मतदाताओं को मतदान के दौरान डराया अथवा धमकाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिले में सभी मतदाता निर्भय होकर मतदान कर सकें, इसके लिये सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि यदि जिले के किसी मतदान केंद्र को परिर्विर्तत कराना है तो उसकी जिला निर्वाचन कार्यालय को 10 जुलाई तक सूचना प्रदान करें। उन्होंने अवगत कराया कि जिले में 4 हजार ईव्हीएम मशीन लखनउ से आ गई हैं, जिनकी जांच के समय राजनैतिक दलों को सूचित किया जायेगा। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जे के श्रीवास्तव ने भी पेड न्यूज के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर बैठक में भाजपा के जिलाध्यक्ष डाॅ. घासीराम पटेल, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्री मनोज त्रिवेदी, बसपा के जिलाध्यक्ष श्री राजेश कुमार अहिरवार, बसपा के जिला उपाध्यक्ष श्री बृजेश द्विवेदी एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मो0 अली उपस्थित थे। 

जजों ने किया वृक्षारोपण

छतरपुर। एडवोकेट लखन राजपूत ने बताया कि मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशन पर शनिवार के दिन मध्य प्रदेश के हर जिले की तरह छतरपुर जिले में भी वृक्षारोपण किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश विमल कुमार जैन के नेतृत्व में जिला अदालत परिसर में लगभग 100 वृक्षो का रोपण किया गया। आम, अमरुद, जामुन, शीशम, बांस, नीम, आदि प्रकार के वृक्षो का रोपण किया गया। न्यायाधीशों ने वृक्षारोपण का आशय बताया कि वृक्षारोपण से न केवल शुद्ध वातावरण होगा। बल्कि पक्षकारो, अधिवक्ताओं को वृक्षो से शीतलता मिलेगी। इस अवसर पर न्यायाधीश संजीव दत्ता, कृष्ण मूर्ति मिश्र, श्रीमती शशिकांता वैश्य, सीजेएम संजय कश्तवार, एसीजेएम एपी राहुल, न्यायाधीश जेएस श्रीवास्तव, प्रदीप दुबे, श्रीमती नेहा श्रीवास्तव, पीके शंखवार, केपी सिंह, विधिक सहायता अधिकारी अमित गुप्ता, तृतीय श्रेणी कर्मचारी अध्यक्ष कोविद पाण्डे, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनोज व्यास, सचिव ऋषि बिलथरे, डीएफओ राघवेन्द्र श्रीवास्तव, भारतीय स्टेट बैंक मुख्य के शाखा प्रबंधक डीके जैन सहित जिला अदातल का स्टाफ मौजूद रहा।

कोई टिप्पणी नहीं: