बिहार के गया जिले के विश्व प्रसिद्घ महाबोधि मंदिर परिसर में हुए श्रृंखलाबद्घ विस्फोट के बाद बोधगया मंदिर प्रबंधकारिणी समिति (बीटीएमसी) ने सुरक्षा में लगाई गई निजी सुरक्षा एजेंसी 'कोबरा' को हटा देने का निर्णय लिया है। कोबरा के स्थान पर अब होमगार्ड के 30 जवान मंदिर की सुरक्षा में लगाए गए हैं। कोबरा एजेंसी के सुरक्षा प्रबंधक ललन मिश्रा ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात बीटीएमसी द्वारा जारी किया गया एक पत्र उन्हें दिया गया है जिसमें 24 घंटे के अंदर मंदिर से कोबरा के सुरक्षा गाडरें को हटा लेना है। उन्होंने हालांकि इसे गैर कानूनी तरीका बताया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि बीटीएमसी ने अपनी गलती छुपाने के लिए उनकी एजेंसी के विरूद्घ कारवाई की है। उन्होंने बताया कि बीटीएमसी और कोबरा सेंटिनल प्राइवेट लिमिटेड के बीच जो समझौता है उसके अनुसार एक महीने का वक्त देकर हटाने की बात कही गई है परंतु वर्तमान समय में 24 घंटे का ही समय दिया गया है। उन्होंने बताया कि वे इस मामले को लेकर न्यायालय में जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सात जुलाई को हुए विस्फोट के बाद बीटीएमसी ने सुरक्षा में लगी एजेंसी को नोटिस भी दिया गया था, जिसका जवाब भी बीएमटीसी को दे दिया गया है। इसके बावजूद बीटीएमसी गलत आरोप लगाकर एजेंसी की सेवा लेने की मनाही की जा रही है। इधर, बीटीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि मंदिर परिसर की सुरक्षा में होमगार्ड के जवानों को लगाया गया है। 10-10 जवानों को प्रतिदिन आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में लगाया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें