कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अनायास निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी एक महीने पहले तक बिहार में गठबंधन सरकार का हिस्सा थी, अब बोध गया विस्फोट को लेकर कानून एवं व्यवस्था की आलोचना कर रही है, यह हास्यास्पद है। कांग्रेस महासचिव ने यहां संवाददाताओं से कहा कि बोधगया मंदिर आतंकवादी हमले के साजिशकर्ताओं को पकड़ा जाना चाहिए। रविवार सुबह में हुए श्रंखलाबद्ध विस्फोटों में दो बौद्ध भिक्षु घायल हो गए।
दिग्विजय सिंह ने कहा, "देश को अस्थिर करने, राज्य को अस्थिर करने के किसी भी प्रयास और सांप्रदायिक गड़बड़ी फैलाने की कोशिश से हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जानी चाहिए। अभी एक महीना भी नहीं हुआ है और भाजपा महसूस करती है कि नीतीश कुमार सरकार कोई काम नहीं कर रही है। मैंने यह भी देखा कि रवि शंकर प्रसाद (भाजपा प्रवक्ता) कह रहे थे कि संभवत: (2010) पुणे बेकरी (विस्फोट) के आरोपियों ने भी रेकी की थी।"
उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) लोकसभा चुनाव से पहले राजनीति का सांप्रदायीकरण करने के प्रयास में हैं। उन्होंने कहा, "इसलिए सभी गैर भाजपा शासित प्रदेशों को सावधान रहना चाहिए और नीतीश कुमार को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें