मध्य प्रदेश के रीवा जिले में जिला बदर को पकड़ने गए पुलिस दल पर अपराधियों ने गोलीबारी की और धारदार हथियार से हमले किए, जिसमें तीन पुलिस अधिकारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। अपराधियों ने पुलिस दल को जिंदा जलाने की कोशिश भी की। मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम शाहपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव के बरैया टोला में जिला बदर आरोपी रामभजन को पकड़ने गए पुलिस दल को देखते ही रामभजन घर के भीतर घुस गया। थाना प्रभारी हनुमान प्रसाद तिवारी अपने सहयोगियों के साथ रामभजन के पीछे-पीछे घर में घुस गए। इस बीच आरोपी के परिजनों ने घर को बाहर से बंद कर दिया और ज्वलनशील पदार्थ डालकर बाहर से आग लगा दी। मकान में आग लगने पर पुलिस बल किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकला।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस दल को मकान के भीतर बंद कर आग लगाने की जानकारी मिलते ही अन्य क्षेत्रों का पुलिस मौके पर पहुंच गई। मउगंज के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कमलेश शर्मा, मनगवां के एसडीओपी अरविंद श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ गौरी गांव पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचते ही अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस हमले में दोनों एसडीओपी, थानेदार सहित कई पुलिस कर्मी घायल हो गए। घायल एसडीओपी श्रीवास्तव को रीवा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश जिंदल ने बुधवार को बताया कि एसडीओपी अरविंद श्रीवास्तव को हाथ में गोली लगी है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हथियार भी बरामद किए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें