सिंगापुर के विदेश और विधि मंत्री क़े शानमुगम ने मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से नालंदा अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना में सिंगापुर के पूरे सहयोग का आश्वासन दिया। अपने दो दिवसीय बिहार की यात्रा पर आए शानमुगम ने पटना में मुख्यमंत्री से करीब एक घंटे तक मुलाकात की। इस दौरान नालंदा अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय, बुद्धिस्ट सर्किट, बिहार में पर्यटन और बिहार के विकास से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि सिंगापुर के मंत्री ने नालंदा विश्वविद्यालय को एशिया और बौद्धों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थल बताते हुए कहा कि इसकी स्थापना में सिंगापुर पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने बिहार की विरासत की प्रशंसा करते हुए यहां एक अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय बनाए जाने की आवश्यकता बताई।
मुख्यमंत्री ने पटना में बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि संग्रहालय का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। गौरतलब है कि शानमुगम सोमवार को नालंदा अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय की साइट और प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहरों को भी देखा था, जिससे वे काफी प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा, "बचपन से ही मेरे मन में नालंदा की पवित्र धरती को नमन करने की ख्वाहिश थी। महात्मा बुद्ध की पवित्र धरती पर आकर धन्य हो गया।" इस मौके पर भारत में सिंगापुर के कार्यवाहक उच्चायुक्त जोनाथन टो, सिंगापुर में भारत के राजदूत गोपीनाथन पिल्लई, सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें