विंबलडन में संघर्षपूर्ण मुकाबले में बोपन्ना और पेस हारे - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 5 जुलाई 2013

विंबलडन में संघर्षपूर्ण मुकाबले में बोपन्ना और पेस हारे

ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के पुरुष वर्ग में गुरुवार को रोहन बोपन्ना तथा एडुआर्ड रोजर वैसेलीन की 14वीं वरीय भारतीय-फ्रांसीसी जोड़ी ने शीर्ष वरीय माइक एवं बॉब ब्रायन के हाथों हारने से पहले कड़ी टक्कर दी। बोपन्ना-वैसेलीन की जोड़ी को हराने में शीर्ष वरीय ब्रायन बंधुओं को दो घंटे 48 मिनट पसीना बहाना पड़ा। बोपन्ना-वैसेलीन, ब्रायन बंधुओं से 7-6, 4-6, 3-6, 7-5, 3-6 से हारे। पहले ही सेट में भारतीय-फ्रांसीसी जोड़ी ने कड़े टक्कर का अहसास करा दिया था, जो टाईब्रेकर तक खिंचा, जिसमें ब्रायन बंधुओं को हार का सामना करना पड़ा।

दूसरे और तीसरे सेट में हालांकि शीर्ष वरीय अमेरिकी जोड़ी ने अपना चिर परिचित खेल दिखाते हुए बोपन्ना-वैसेलीन को आसानी से मात दे दी। लेकिन चौथे अहम सेट में बोपन्ना ने वैसेलीन के साथ वापसी करते हुए कड़ा संघर्ष किया, तथा यह सेट जीतने के साथ ही मैच बराबरी पर आ गया। अंतिम और निर्णायक सेट में ब्रायन बंधुओं ने शुरुआत से ही बढ़त ले ली, तथा बोपन्ना और उनके जोड़ीदार वैसेलीन को ज्यादा मौका दिए बगैर पांचवां सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

कमोबेश यही स्थिति भारत के दूसरे खिताबी उम्मीदवार अनुभवी पूर्व ग्रैंड स्लैम विजेता लिएंडर पेस और उनके चेक जोड़ीदार राडेक स्टेपानेक की भी रही। पेस-स्टेपानेक की चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय-चेक जोड़ी क्रोएशिया के इवान डोडिग तथा ब्राजील के मार्सेलो मेलो की 12वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी से 6-3, 4-6, 1-6, 6-3, 3-6 से हार गई। यह मुकाबला दो घंटा 55 मिनट चला।

कोई टिप्पणी नहीं: