पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 04 जुलाई ) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 4 जुलाई 2013

पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर ( 04 जुलाई )

मतदाता सूची में जुडे एक लाख 30 हजार नये नाम-कलेक्टर
पन्ना 04 जुलाई 13/गत दिवस टेली कान्फ्रेसिंग से भारत निर्वाचन आयोग तथा राज्य निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों ने जिले में विधान सभा चुनाव के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। भारत निर्वाचन आयोग से उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद जुत्सी तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी सुधीर त्रिपाठी ने चुनाव संबंधी जानकारी ली। राज्य निर्वाचन केन्द्र से निर्वाचन पदाधिकारी जयदीप गोविन्द ने चुनाव कार्यो की समीक्षा की। कलेक्टर तथा जिला निर्वाचन अधिकारी धनंजय सिंह भदौरिया ने पन्ना जिले में मतदाता सूची, फोटो कव्हरेज, वोटिंग मशीनों की तैयारी, कर्मचारियों का डाटाबेस तथा अन्य बिन्दुओं की जानकारी दी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे भी उपस्थित रहे। बैठक में बिन्दुवार समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पन्ना जिले के तीनों विधान सभा क्षेत्रों में गत एक वर्ष में एक लाख 23 हजार नये मतदाताओं के नाम जोडे गए हैं। इनमें से 99.74 मतदाताओं को फोटोयुक्त मतदाता परिचय पत्र प्रदान किया गया है। जिले में केवल 1646 मतदाता ही फोटोयुक्त पहचान पत्र के लिए शेष हैं। बीएलओ के माध्यम से 15 जुलाई तक इन सभी का फोटो प्राप्त करके परिचय पत्र जारी किए जाएंगे। जिले के तीनों विधान सभा क्षेत्रों के लिए 1317 बेलेट यूनिट तथा 1128 कन्ट्रोल यूनिट उपलब्ध हैं। महाराष्ट्र राज्य से 530 बोटिंग मशीनें प्राप्त हुई हैं। सुधार योग्य 336 मशीनों को आयोग के निर्देश के अनुसार हैदराबाद भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि गत विधान सभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत 66.47 तथा लोक सभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 46.66 था। कम मतदान वाले केन्द्रों की पहचान कर ली गई है। इनमें मतदान के कम प्रतिशत का कारण जानने के लिए सर्वेक्षण किया जाएगा। प्राप्त कारण को दूर करके मतदान का प्रतिशत बढाने के प्रयास किए जाएंगे। मतदाताओं को मताधिकार के प्रति जागरूक करने का भी अभियान चलाया जाएगा। आगामी चुनाव के लिए 4600 कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। इसकी पूर्ति के लिए 5123 कर्मचारियों का डाटाबेस तैयार कर लिया गया है। 

जिला अस्पताल में नया आपरेशन थियेटर शुरू
पन्ना 04 जुलाई 13/जिला अस्पताल की सुविधाओं को बेहतर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आपरेशन की बेहतर सुविधा के लिए नया आपरेशन थियेटर शुरू किया गया है। पूरी तरह से वातानुकूलित इस कक्ष में एक साथ दो टेबलों में आपरेशन हो सकता है। इस संबंध में सिविल सर्जन डाॅ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि अब आपरेशन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो गई है। नये आपरेशन थियेटर में धीरे-धीरे आधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं। जिन आपरेशन के लिए रोगियों को बाहर जाना पडता था अब उन्हें सुगंमता से जिला अस्पताल में किया जा सकेगा। नये आपरेशन थियेटर में अब प्रतिदिन कई गंभीर रूप से पीडित व्यक्तियों के आपरेशन किए जा रहे हैं। 

कृषि छात्रों को दिया गया बाडी हेतु झाडि़याँ लगाने का प्रषिक्षण
पन्ना 04 जुलाई 13/कृषि विज्ञान केन्द्र पन्ना के कार्यक्रम समन्वयक डाॅ. बी. एस. किरार के निर्देषन में कृषि छात्रों को वैज्ञानिकों ने बाडी हेतु झाडियाँ लगाने का व्यवहारिक प्रषिक्षण दिया। प्रषिक्षण डाॅ. ए.के. खरे (कृषि वानिकी विषेषज्ञ) एवं डाॅ. रष्मि पँवार (उद्यान विषेषज्ञ) द्वारा दिया गया। छात्र कृषि महाविद्यालय रीवा में बी.एस.सी. कृषि चतुर्थ वर्ष मंे अध्यनरत हैं एवं कृषि विज्ञान केन्द्र-पन्ना में ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम अंतर्गत आए हुए है। डाॅ. रष्मि पँवार ने छात्रों को बताया कि झाडि़यों का स्वभाव स्थाई होने के कारण इन्हें अलंकृत बाग के किनारों, लाॅन के किनारों तथा परिसर के सामने लगाया जाता है। झाडियों को लगाने का उपयुक्त मौसम बरसात हैं। पानी उपलब्ध होने कि स्थिति मंे फरवरी-मार्च में भी लगाया जा सकता है। छोटी झाडियाँ सामने, मध्यम ऊंचाई वाली बीच में तथा लंबी वाली पीछे लगायें। लंबी तथा मध्यम झाडियों की बीच की दूरी 1.5 मीटर तथा मध्यम से छोटी के बीच की दूरी 1 मीटर रखें। झाडियों को बाहर की सीमा से 30-45 सें.मी. छोड कर लगाए। झाडियों को लगाने के तुरंत बाद पानी दें। अधिकतर झाडियों को कलम द्वारा ही तैयार किया जाता है 10-15 सें.मी. की कलम काट कर लगायें। मृदा दुरांता की बाडी बहुत शोभा देती है। झाछियों की शोभा बनाए रखने के लिए छटाई जरूरी है।

खरीफ में 1.52 लाख हेक्टेयर में बुवाई का लक्ष्य

पन्ना 04 जुलाई 13/जिलेभर में गत एक सप्ताह से अच्छी वर्षा होने के कारण खरीफ की बोनी का कार्य शुरू हो गया है। अधिक वर्षा के कारण कुछ क्षेत्रों में बोनी पिछड रही है। लेकिन जिले के अधिकांश क्षेत्रों में किसान धान, मक्का, सोयाबीन, ज्वार एवं अरहर की तेजी से बोनी कर रहे हैं। उप संचालक कृषि आर.एस. सोलंकी ने बताया कि वर्तमान वर्ष में एक लाख 52 हजार 100 हेक्टेयर में बोनी का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरूद्ध अब तक 38 हजार हेक्टेयर में बोनी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष धान 60 हजार हेक्टेयर, ज्वार 2 हजार हेक्टेयर, मक्का 4 हजार हेक्टेयर, अरहर 15 हजार हेक्टेयर, उडद 16 हजार हेक्टेयर तथा सोयाबीन 32 हजार हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरूद्ध अब तक धान 8 हजार हेक्टेयर, ज्वार 400 हेक्टेयर, मक्का 3 हजार हेक्टेयर, अरहर 900 हेक्टेयर, सोयाबीन 14 हजार हेक्टेयर तथा उडद लगभग 500 हेक्टेयर में बोनी की जा चुकी है। सभी सहकारी समितियों के पास उन्नत बीज तथा खाद उपलब्ध हैं। किसान समितियों तथा कृषि विभाग से उन्नत बीज प्राप्त कर सकते हैं। समितियों द्वारा डिफाल्टर किसानों को भी नगद राशि देने पर खाद और बीज प्रदान किया जा रहा है।  

होमगार्ड ने बाढ बचाव में दिया योगदान
पन्ना 04 जुलाई 13/गत दिवस भारी वर्षा के कारण रैपुरा तथा सिमरिया क्षेत्र में ब्यारमा नदी में बाढ की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे प्रभावित 7 गांव में बचाव कार्य में होमगार्ड के जवानों ने सराहनीय योगदान दिया। इस संबंध में डिस्ट्रिक कमान्डेन्ट होमगार्ड एस.के. विश्वकर्मा ने बताया कि बाढ से बचाव के लिए अमानगंज में नाव सहित 5 जवान, सिमरिया में नाव सहित 5 जवान तैनात किए गए। सुनवानी, मडला तथा पन्ना में भी जवान तैनात रहे। ग्राम लालपुर, मडवा तथा पटी में बाढ आ जाने पर होमगार्ड के जवानों ने प्रशासन से कंधा से कंधा मिलाकर बाढ प्रभावित 105 को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाया। खम्हरिया तथा बिजवार गांव में भी 29 जून को 65 व्यक्तियों को बाहर निकाला गया। भितरी मुटमुरू बांध से प्रभावित गांव में भी होमगार्ड के जवानों ने राहत और बचाव कार्य में योगदान दिया। 

व्यवसायियों को डीम्ड असेसमेन्ट की सुविधा 
पन्ना 04 जुलाई 13/वाणिज्य कर विभाग द्वारा 21 जून को जारी अधिसूचना के अनुसार 10 करोड तक के व्यवसाय करने वाले व्यवसाईयों को वर्ष 2010-11 की अवधि के लिए डीम्ड असेसमेन्ट की सुविधा दी गई है। इस संबंध में वाणिज्य कर अधिकारी छतरपुर ने बताया कि पात्र व्यवसायी निर्धारित प्रारूप में आवेदन करके इसका लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए व्यवसायी का वर्ष 2010-11 के लिए वेट, केन्द्रीय विक्रय कर एवं प्रवेश कर अधिनियम के तहत कर निर्धारण मान्य होगा। आवेदन पत्र 15 जुलाई तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र का प्रारूप विभाग की वेबसाईट ूूूण्उचजंगण्उचण्हवअण्पद से भी अपलोड किए जा सकते हैं। 

जून में 16 पेंशन प्रकरण हुए मंजूर
पन्ना 04 जुलाई 13/जून माह में 16 सेवा निवृत कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण निराकृत कर उन्हें पीपीओ जारी किया गया। साथ ही 5 प्रकरणों में पेंशन राशि का पुनरीक्षण करके नवीन पेंशन राशि मंजूर की गई। इस संबंध में जिला पेंशन अधिकारी आर.डी. अहिरवार ने बताया कि जून माह में तुलसीदास वर्मा वनपाल, चन्द्रप्रकाश शर्मा फील्ड वर्कर मलेरिया विभाग, जगदीश नामदेव सहायक शिक्षक, श्रीमती भागवती सेन पत्नी स्व. घनश्याम दास सेन भृत्य शिक्षा विभाग, बाबू लाल सेन कार्यालय सहायक शिक्षा तथा याकूब अली सहायक वर्ग-2 भूमि संरक्षण कार्यालय को पेंशन मंजूर की गई। इसी तरह अरूण कुमार सेन प्रधान आरक्षक पुलिस, नारायण सिंह वनपाल, बाबूलाल तिवारी उच्च श्रेणी शिक्षक, श्रीमती प्रभा देवी लखेरा पत्नी स्व. कालीचरण लखेरा सहायक वर्ग-3 पशु पालन विभाग, मंगल सिंह स्थल सहायक पी. डब्ल्यू.डी., आनन्दीलाल शर्मा प्रधानाध्यापक, स्वामी प्रसाद गंगेले मुख्य लिपिक शिक्षा विभाग, कलुआ केवट पशु परिचारक तथा छोटेलाल साहू प्रधानाध्यापक के पेंशन प्रकरणों का निराकरण किया गया। उन्होंने बताया कि न्यायालयीन प्रकरण तथा विभाग जांच पूरी न होने के कारण 37 पेंशन प्रकरण लंबित हैं। उन्होंने संबंधित कार्यालय प्रमुखों से इस संबंध में त्वरित कार्यवाही करके पेंशन प्रकरणों की पूर्ति करने का अनुरोध किया है। पेंशन प्रकरणों में किसी तरह की कठिनाई होने पर जिला पेंशन कार्यालय से सम्पर्क किया जा सकता है। 

आपदा पीडित को एक लाख की सहायता मंजूर
पन्ना 04 जुलाई 13/तहसील पन्ना के तहत पन्ना में स्थित तालाब में डूबने से अजय कुमार कुशवाहा पिता अशोक कुमार कुशवाहा की मौत हो गई। मृतक के निकटतम वारिश माता श्रीमती ममता कुशवाहा को एक लाख रूपये की सहायता राशि मंजूर की गई है। यह राशि एसडीएम पन्ना ओ.पी. सोनी द्वारा तहसीलदार पन्ना के जांच प्रतिवेदन के आधार पर मंजूर की गई है। यह राशि राजस्व परिपत्र 6-4 के संशोधित प्रावधानों के तहत मंजूर की गई है। एसडीएम ने तहसीलदार पन्ना को स्वीकृत राशि के तत्काल वितरण के निर्देश दिए हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं: