कलेक्टर ने किया मोहनगढ़ का भ्रमण, अधिकारियों को दिये निर्देश
टीकमगढ़, 4 जुलाई 2013 । कलेक्टर डाॅ. खाडे ने बुधवार को मोहनगढ़ तहसील का भ्रमण किया । इस दौरान डाॅ. खाडे ने तहसील कार्यालय, स्कूल, स्वास्थ्य केन्द्र एवं अन्य कार्यालयों का भी निरीक्षण किया । उन्होंने किसानों एवं हितग्राहियों से योजनाओं के संबंध में जानकारी भी ली । डाॅ. खाडे ने इस दौरान लापरवाह कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिये । भ्रमण के दौरान एस.डी.एम. जतारा श्री आर.के. सिंह एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे । इस दौरान उन्होंने मोहनगढ़, इकबालपुरा, हरपुरा, सहित अनेक गांवों का भ्रमण किया ।
तहसील कार्यालय मोहनगढ़ का निरीक्षण
डाॅ. खाडे ने तहसील कार्यालय मोहनगढ़ में निरीक्षण किया तथा कर्मचारियेां को निर्देशित किया कि कार्यालयीन रिकार्ड को अद्यतन रखें । साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले यह सुनिश्चित किया जाये । इसके पश्चात ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण किया जहाँ किसानों ने बताया कि उन्हें खसरा एवं बी-वन की नकल नहीं मिली है । इस पर डाॅ. खाडे ने दोषी पटवारी के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिये।
खेतों पर जाकर ली जानकारी
डाॅ. खाडे ने खेतों पर जाकर किसानों से बोनी की जानकारी प्राप्त की । उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान अभी भी छिड़का पद्धति से बोनी कर रहे हैं जो सही नहीं है । आपने निर्देशित किया कि इसमें शीघ्र सुधार लायें । उन्होंने कहा कि कृषि अभियांत्रिकी एवं नवीनतम तकनीक का लाभ हर गांव तक पहँुचे यह जरूरी है ।
अस्पताल एवं प्रसव कक्ष एकदम साफ हों
डाॅ. खाडे ने इस दौरान स्वास्थ्य केन्द्रों का भी निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा सभी अस्पताल एवं प्रसव कक्ष एकदम साफ एवं सुरक्षित हों । आपने निर्देशित किया कि सभी प्रसव कक्षों में ए.सी. लगवायें तथा फर्श एवं दीवारों पर सफेद टाइल्स लगवायें । उन्होंने कहा अस्पताल में मरीजों को सभी सुविधायें मिले यह सुनिश्चित किया जाये ।
अव्यस्थओं पर नाराजगी व्यक्त की
डाॅ. खाडे ने इस दौरान स्कूलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति, भवन, मध्याह्न भोजन एवं शिक्षकों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की तथा दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिये ।
कंट्रोल रूम में जानकारी दें
टीकमगढ़, 4 जुलाई 2013 । कलेक्टर डाॅ. सुदाम खाडे ने बताया कि उत्तराखंड में फंसे व्यक्त्यिों की सहायता/जानकारी प्राप्त करने हेतु समस्त तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया साथ ही उत्तराखंड में फंसे जिले के व्यक्तियों की सहायता/जानकारी प्राप्त करने के लिए कलेक्टर कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी श्री एफ.डी.जाधव, डिप्टी कलेक्टर (मोबाइल नं. 09424565065) होंगे । नियंत्रण कक्ष का फोन नं. 07683-242700 है । डाॅ. खाडे ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे लागों की जानकारी दें जिससे उनको सहायता उपलब्ध कराई जा सके ।
प्रत्येक व्यक्ति को अच्छे से अच्छा उपचार मिले: कलेक्टर
- जिला स्तरीय मातृ-मृत्यू कार्यशाला संपन्न
टीकमगढ़, 4 जुलाई 2013 । आज जब जिले के अस्पतालों को सर्व सुविधा युक्त बनाया जा रहा है ऐसे में प्रसव के दौरान मातृ-मृत्यू दर में कमी न होना अत्यन्त चिन्तनीय बात है। ऐसे में हमें गर्भवती महिलाओं के पंजीयन से लेकर प्रसव होने तक की सतत मानीटिरिंग करना चाहिए । इस बारे में हम ए.एन.एम. एवं आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करें ताकि उनका समय-समय पर परीक्षण के साथ उचित उपचार भी किया जा सके । यह बात कलेक्टर डाॅ. सुदाम खाडे ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय मातृ-मृत्यू दर कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही । उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं सुविधााओं के अभाव में प्रसव के दौरान मृत्यू न हो इसके लिए हम संबंधितों को प्रशिक्षण देने के साथ उनके परीक्षण एवं बचाव के उपायों पर गम्भीरता पूर्वक ध्यान देंते हुए लोगों को भी जागरूक करने का प्रयास करे । कार्यशाला में सी.एम.एच.ओ. डाॅ. ए.के. गुप्ता ने कहा कि प्रसव के समय गर्भवती महिला का पूर्ण परीक्षण कर उसे समय पर उपचार कर सुरक्षित प्रसव करायें । सी.एस.डाॅ. सुनीत जैन ने कहा कि माताओं की मृत्यु दर में कमी लाने हेतु अस्पतालों में एक समिति बनाने की बात कही । महिला रोग विशेषज्ञ डाॅ. श्रीमती उषा खरे ने कहा कि अधिकतर प्रसव 20 से 25 वर्ष के दौरान होते है जिनमें कभी-कभी जटिल प्रसव के दौरान मृत्यु होने की आशंका रहती है ऐसे में हम सावधानी पूर्वक उसका उपचार करें । इस दौरान कार्यशाला में डाॅ. पी.के जैन, डी.पी.एम.डाॅ. मौहार महिला बाल विकास अधिकारी श्री राजीव कुमार सिंह सहित सभ ब्लाक मेडीकल अधिकारी, महिला बाल विकास के परियोजना अधिकारी, डाॅ. एवं ए.एन.एम. उपस्थित रहे ।
शस्त्र अनुज्ञप्तियां निलंबित रहेंगी
टीकमगढ़, 4 जुलाई 2013 । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डाॅ. सुदाम खाडे ने नगर परिषद, बल्देवगढ़ क्षेत्र की समस्त शस्त्र अनुज्ञप्तियां 7 से 15 जुलाई 2013 तक के लिए निलंबित की हैं । साथ ही निर्देशित किया है कि समस्त आग्नेय शस्त्र 6 जुलाई 2013 तक अपने नजदीकी थाना क्षेत्रों में जमा करायें । जिला अंतर्गत नगर परिषद, बल्देवगढ में 10 जुलाई 2013 को पार्षद पद के रिक्त होने मतदान कराया जाना है ।
आज की औसत वर्षा
टीकमगढ़, 4 जुलाई 2013 । अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जिले की औसत वर्षा 6.1 मि.मी. दर्ज की गयी है । प्राप्त जानकारी के अनुसार आज वर्षामापी केन्द्र टीकमगढ़ में 18 मि.मी., बल्देवगढ़ में 0 मि.मी., जतारा में 0 मि.मी., पलेरा में 0 मि.मी., निवाड़ी में 0 मि.मी., पृथ्वीपुर में 9 तथा ओरछा में 8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इसी प्रकार एक जून 13 से आज तक जिले में 272.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें वर्षामापी केन्द्र टीकमगढ़ में 350 मि.मी., बल्देवगढ़ में 131 मि.मी., जतारा में 175 मि.मी., पलेरा में 345 मि.मी., निवाड़ी में 384.6 मि.मी., पृथ्वीपुर में 253 मि.मी. तथा ओरछा में 270 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें