नैनो संयंत्र की जमीन लौटाने का टाटा को सुझाव - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 10 जुलाई 2013

नैनो संयंत्र की जमीन लौटाने का टाटा को सुझाव


सर्वोच्च न्यायालय ने बुधवार को टाटा मोटर्स से कहा कि पश्चिम बंगाल में नैनो कार कारखाने के लिए अधिग्रहित जमीन राज्य सरकार को वापस कर दी जाए, ताकि इसे उन किसानों को लौटाया जा सके, जिनसे यह ली गई थी। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एच. एल. दत्तू और न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा की पीठ ने टाटा से कहा, "आपने जमीन पट्टे पर ली है। आप वहां कोई कारोबार नहीं कर रहे हैं। आपको भूमि से कोई लाभ नहीं मिलने वाला। तो फिर आप इसे किसानों को वापस देने के राज्य सरकार के फैसले के रास्ते में क्यों आ रहे हैं?"

न्यायालय ने टाटा के वकील गोपाल जैन से छह अगस्त तक जवाब दाखिल करने के लिए कहा। पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश द्विवेदी तथा केंद्र सरकार की ओर से महाधिवक्ता मोहन पारासरन ने न्यायालय को बताया कि यदि टाटा भूमि किसानों को दे देती है तो राज्य सरकार ब्याज के साथ उसे इसकी कीमत का भुगतान करने के लिए तैयार है।

सर्वोच्च न्यायालय ने टाटा को यह सुझाव पश्चिम बंगाल सरकार की याचिका पर सुनवाई के बाद दिया है, जिसमें सरकार ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें न्यायालय ने सिंगूर में टाटा के लिए भूमि के अधिग्रहण को रद्द करने वाले कानून को निरस्त कर दिया था।

कोई टिप्पणी नहीं: