अपडेट मतदाता सूचियों का मुद्रण शीघ्र करायें: डाॅ. खाडे
कृषि महाविद्यालय में होगी मतगणना
टीकमगढ़, 13 जुलाई 2013। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. सुदाम खाडे ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपडेट मतदाता सूचियों का मुद्रण शीघ्र करायें । उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि यह कार्य 19 जुलाई 2013 तक पूर्ण करायें । आपने निर्देशित किया कि इसके पश्चात पुनः परीक्षण कराकर शुद्धतम मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 24 जुलाई तक आवश्यक रूप से करायें । उन्होंने निर्देशित किया कि इसमें जितने भी नाम जोड़ने या काटने हेतु आवेदन प्राप्त हुए है उन सभी का परीक्षण कराकर शामिल किया जाये । डाॅ. खाडे ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में लिखित निर्देश दिये हैं । डाॅ. खाडे ने निर्देशित किया है कि सभी संबंधित अधिकारी वल्नरेबिलिटी मैपिंग से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रपत्र में सही-सही तैयार कर शीघ्र भेजें जिससे साप्ताहिक बैठक में इसकी समीक्षा की जा सके । उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में जाकर मतदाताओं को समझााईश दें कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग निर्भय होकर करें ताकि मतदान शत-प्रतिशत रहे । आपने कहा इस हेतु राजस्व अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से मतदान केन्द्रों का भ्रमण करें तथा आसामाजिक तत्वों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करें । डाॅ. खाडे ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर मतदाता सूचियों की शुद्धता की जांच करें । उन्होंने कहा एक भी पात्र मतदाता न छूटे यह सुनिश्चित किया जाये । आपने कहा कि छूटी हुई महिलाओं के नाम विशेष रूप से मतदाता सूची में शामिल करायें । उन्होंने कहा इस हेतु एक-एक परिवार में जाकर सतर्कता से जंाच करायें ।डाॅ. खाडे ने बताया कि कृषि महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना कराई जायेगी । उन्होंने बताया कि इसी भवन से टीकमगढ़, खरगापुर एवं पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान की सामग्री वितरित कराई जायेगी तथा यहीं स्ट्रांगरूम, काॅन्फ्रेंसरूम, मीडियारूम आदि भी बनाये जायेंगे । आपने बताया कि जतारा एवं निवाड़ी विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान सामग्री का वितरण संबंधित मुख्यालयों से होगा । उन्होंने इस हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ कृषि महाविद्यालय जाकर जायजा लिया तथा विस्तार से चर्चा भी की । डाॅ. खाडे ने कहा कि निर्वाचन के लिए गठित स्वीप प्लान की समिति द्वारा प्रत्येक 15 दिन में बैठक हों, जिसमे व्यवस्थायें हो सकें । साथ ही उन्होंने इलेक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीनों के प्रबंधन के संबंध में निर्देश दिये । आपने कहा कि जो कर्मचारी जहाँ कार्य कर रहा है, वहाँ मतदाता सूची में उसका नाम होना चहिए । उन्होंने डाक मतपत्रों के जारी करने के संबंध में भी निर्देशित किया कि इस हेतु अभी से अपडेट सूचियों तैयार करायें ।
पं. दीनदयाल मार्केट विकास योजनान्तर्गत आवेदन आमंत्रित
टीकमगढ़, 13 जुलाई 2013। जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति टीकमगढ़ के कार्यपालन अधिकारी ने बताया है कि अनुसूचित वर्ग के बेरोजगार व्यक्तियों को स्वरोजगार में संलग्न करने हेतु पं. दीनदयाल मार्केट विकास योजनान्तर्गत पात्रताधारी आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किये गये । इस हेतु आवेदक जिले का मूल निवासी हो, आवेदक अनुसूचित वर्ग का हो, आवेदक की वार्षिक आय गरीबी रेखा से दो गुनी सीमा तक हो, आवेदक आठवीं पास हो तथा व्यवसायिक स्थल पर दुकान निर्माण हेतु भूमि स्वयं की हो अथवा स्थानीय निकाय, नगरपालिका/ग्राम पंचायत द्वारा भूति आंवटित की गई का भूमि स्वामित्व का प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है । उन्होंने बताया कि आवेदकों को ऋण प्रकरण तैयार कर बैंकांे के माध्यम से ऋण स्वीकृत कराया जायेगा, जिसकी इकाई लागत 50 हजार रूपए होगी, स्वीकृत ऋण पर 50 प्रतिशत अनुदान देय होगा । इच्छुक आवेदक सक्षम अधिकारी के द्वारा जारी किये गये प्रमाण पत्र संलग्न कर कार्यालय में आवेदन पत्र 14 अगस्त 2013 तक जमा कर सकते हंै।
मतदाता जागरूकता अभियान के संबंध में रैलियों का आयोजन 17 से
टीकमगढ़, 13 जुलाई 2013 । जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अध्यक्ष स्वीप प्लान-2013 श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विकासखंड पर रैलियों का आयोजन किया जाना है। उन्होंने प्राचार्यों को निर्देशित किया कि विकासखंड मुख्यालय पर संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालय, हाईस्कूल एवं उ.मा.वि. के छात्र-छात्राओं को सम्मिलित कराकर मतदाता जागरूकता से संबंधित नारे लगाते हुये रैली निकाली जायेगी । तदनुसार टीकमगढ़ में 17 जुलाई को, बल्देवगढ़ में 18 को, पलेरा में 19 को, जतारा में 22 को, पृथ्वीपुर में 24 को तथा निवाड़ी में 25 जुलाई को ये रैलियां निकाली जायेंगी ।
आज की औसत वर्षा
टीकमगढ़, 13 जुलाई 2013 । अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जिले की औसत वर्षा 0 मि.मी. दर्ज की गयी है । प्राप्त जानकारी के अनुसार आज वर्षामापी केन्द्र टीकमगढ़ में 0 मि.मी., बल्देवगढ़ में 0 मि.मी., जतारा में 0 मि.मी., पलेरा में 0 मि.मी., निवाड़ी में 0 मि.मी., पृथ्वीपुर में 0 तथा ओरछा में 0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इसी प्रकार एक जून 13 से आज तक जिले में 311.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें वर्षामापी केन्द्र टीकमगढ़ में 374 मि.मी., बल्देवगढ़ में 136 मि.मी., जतारा में 190 मि.मी., पलेरा में 428 मि.मी., निवाड़ी में 411.6 मि.मी., पृथ्वीपुर में 337 मि.मी. तथा ओरछा में 305 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें