मार्ग सुविधा केन्द्र का हुआ भूमिपूजन
- राज्यमंत्री द्वारा सतआयु प्राप्त बुजुर्ग का किया गया सम्मान
पन्ना 13 जुलाई 13/पन्ना-कटनी मार्ग के मध्य में पर्यटक सुविधाओं के विस्तार की श्रृंखला में मार्ग सुविधा केन्द्र का भूमिपूजन किया गया। भूमिपूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के राज्यमंत्री कृषि, लोक सेवा प्रबंधन, खेल, पर्यटन एवं युवक कल्याण श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री बाबूलाल यादव, कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नगरपालिका परिषद अमानगंज की अध्यक्ष श्रीमती अंजू मौर्य की उपस्थिति में वैदिक रीति से पूजन के उपरांत पट्टिका अनावरण कर किया गया। कृषि राज्यमंत्री श्री सिंह ने उपस्थितों को सम्बोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में सडकों का जाल बिछाने से तेजी आई है। क्षेत्र में सर्वांगीण विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। विकास के मुख्य आधार सडक, बिजली, पानी मुहैया कराने के लिए कार्य कराए गए हैं। ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को खोजने के लिए क्रीडा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में विश्व चेम्पियन श्री सुशील कुमार तथा क्रिकेट के चेम्पियन गेंदवाज श्री मदन लाल को आमंत्रित किया गया था। इन खिलाडियों से प्रेरणा प्राप्त कर आगे बढ सकें। क्षेत्र के 25 प्रतिभावान खिलाडियों को चयनित कर भोपाल खेल एकेडमी में प्रशिक्षण दिलाया गया। राज्यमंत्री श्री सिंह ने कहा कि पन्ना जिले को पर्यटक जिलों की सूची में शामिल किया गया है। क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों में पर्यटन को बढावा देने के लिए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उसी क्रम में मार्ग सुविधा केन्द्र अमानगंज का भूमिपूजन किया गया है। 69 लाख रूपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग सुविधा केन्द्र से पन्ना-कटनी मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों को सुविधाएं मिल सकेंगी। इस केन्द्र में स्वल्पाहार, भोजन, स्नान आदि की सभी यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ग्राम टांई तिराहे पर स्थापित होने वाले मार्ग सुविधा केन्द्र के बगल से टांई से गुंजईया मार्ग स्वीकृत किया गया है। क्षेत्र के धार्मिक स्थानों में पर्यटन के विकास कार्यो के लिए 96 लाख रूपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार पन्ना मार्ग के बेनीसागर तालाब पर 92 लाख, धरम सागर तालाब पर एक करोड 23 लाख रूपये, अजयगढ में एक करोड रूपये के पर्यटन विकास संबंधी कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। धरम सागर पर स्थित यादवेन्द्र क्लब को हेरीटेच होटल के रूप में विकसित करने के साथ-साथ जल क्रीडा का कार्य कराया जाएगा। जिले में और भी मार्ग सुविधा केन्द्रों की स्थापना की जाएगी। किशोर जी मंदिर में शीघ्र ही विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। आगामी आने वाले समय में बुन्देलखण्ड केशरी महाराजा छत्रसाल के चरित्र नाट्य मंचन कराया जाएगा। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के बिजली बिल माफ किए जाने तथा सामान्य परिवारों के बिजली बिलों के सरचार्ज माफ करने की बात कही। कार्यक्रम में उपस्थित टांई ग्राम के 100 साल की उम्र पार कर चुके बुजुर्ग बग्गी सिंह राजपूत का सम्मान राज्यमंत्री श्री सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री बाबूलाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुदामा बाई पटेल आदि के द्वारा सम्बोधित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन विकास निगम के महा प्रबंधक व्ही.पी. सिंह के साथ पर्यटन विकास निगम के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कानून और व्यवस्था तथा निर्वाचन कार्यो पर दें विशेष ध्यान, उचित मूल्य की दुकानों का सतत करें निरीक्षण-कलेक्टर
पन्ना 13 जुलाई 13/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने राजस्व कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी शासन की उच्च प्राथमिकता की योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें। हर गरीब तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। गरीबों के हित संवर्धन को उच्च प्राथमिकता देें। मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना पर विशेष ध्यान देें। अपने क्षेत्र में कानून और व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन संबंधी कार्यो पर भी तत्परता से कदम उठाएं। अधिकारी अपना सूचना तंत्र मजबूत रखें। क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण घटना की जानकारी राजस्व अधिकारी को होना अनिवार्य है। बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, मर्यादा अभियान, वनाधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार चुनाव कार्य की बिन्दूवार तैयारी कराएं। मतदाता सूची में जिन मतदान केन्द्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम है वहां आंगनवाडी कार्यकर्ता के माध्यम से छूटी हुई महिलाओं का सर्वेक्षण कराके उनक नाम शामिल कराएं। गत विधान सभा चुनाव में जिन मतदान केन्द्र में 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ है उनमें कम मतदान के प्रतिशत का कारण ज्ञात कर इसे दूर कराएं। हर मतदाता को मताधिकार के उपयोग के लिए प्रेरित करें। आयोग द्वारा बनाए गए स्वेप प्लान के अनुसार सभी कार्यवाहियां सुनिश्चित करें। सभी तहसीलदार 25 जुलाई के पूर्व अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रोें का सत्यापन करके निर्धारित प्रपत्र में प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य दुकानों का लगातार निरीक्षण करके हर गरीब को उसके हक का अनाज देना सुनिश्चित करें। हर उचित मूल्य दुकान में प्रत्येक माह अन्न उत्सव मनाया जाना सुनिश्चित करें। इसके लिए नोडल अधिकारी तैनात करके उत्सव के दिन अनाज, कैरोसिन एवं शक्कर का समारोहपूर्वक वितरण कराएं। उन्होंने कहा कि वनाधिकार अधिनियम के तहत पात्र सभी परिवारों का तथा अमान्य पट्टों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। सभी पात्रों के प्रकरण जिला स्तरीय समिति में प्रस्तुत कर अधिकार पत्र जारी कराएं। शहरी क्षेत्रों में भूमिहीनों तथा आवासहीनों को पट्टे देने की कार्यवाही की जा रही है। इसके लिए प्राप्त आवेदन पत्रों का ठीक से परीक्षण करने के बाद एवं दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद पट्टे जारी करें। निर्धारित मापदण्डों का कडाई से पालन करते हुए पट्टे जारी करें। केवल पूरी तरह से पात्र को ही पट्टे प्रदान करें। उन्होंने कहा कि भूअर्जन के सभी प्रकरणों में तत्परता से कार्यवाही करें। बिना भूअर्जन सम्पन्न हुए कोई भी निर्माण कार्य शुरू नही होगा। भूअर्जन के निराकृत सभी प्रकरणों को गांव के नक्शे और खसरे में दर्ज कराएं। राजस्व अधिकारी मध्यान्ह भोजन योजना, आंगनवाडी केन्द्रों से पोषण आहार वितरण, लोक सेवा केन्द्र तथा शालाओं का नियमित निरीक्षण करें। भू-राजस्व की वसूली एक माह में शत-प्रतिशत करें। अर्थदण्ड तथा आर.आर.सी. वसूली भी तत्परता से करें। बैठक में अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे सभी एसडीएम तथा तहसीलदार उपस्थित रहे।
नगरपालिका ने आपदा पीडितों को दिए 83 हजार
पन्ना 13 जुलाई 13/गत माह उत्तराखण्ड में आई भीषण बाढ से पीडितों की सहायता के लिए नगरपालिका पन्ना ने 83 हजार 115 रूपये की राशि मुख्यमंत्री बाढ सहायता कोष में जमा कराई है। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक ने गत दिवस कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया को सहायता राशि धनादेश प्रदान किया। इसमें नगरपालिका पन्ना के अधिकारियों और कर्मचारियों के एक-एक दिन के वेतन की राशि, सभी पार्षदों द्वारा दी गई 500-500 रूपये की सहायता राशि तथा नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा दो माह के वेतन की सहायता राशि शामिल है। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भावना बालिम्बे तथा पार्षदगण उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें