पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता देवेन्द्र प्रसाद यादव का रविवार देर रात दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। यादव के परिजनों के मुताबिक उनको हृदय रोग की समस्या के कारण दिल्ली के एक अस्पताल में जून महीने में भर्ती कराया गया था। यादव अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। यादव की अंत्येष्टि उनके पैतृक शहर मुंगेर में की जाएगी।
बिहार के मुंगेर संसदीय क्षेत्र से यादव तीन बार संसद सदस्य रहे हैं। वह इंदिरा गांधी मंत्रिमंडल में शिक्षा राज्य मंत्री रह चुके हैं, जबकि राजीव गांधी के कार्यकाल में कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रहे हैं। राजनीति में आने के पहले यादव प्रोफेसर और वैज्ञानिक भी रह चुके हैं।
यादव के निधन का समाचार मिलते ही मुंगेर की जनता में मायूसी छा गई। लोगों का कहना है कि आम लोगों से जुड़े यादव का दुनिया से जाना लोगों के लिए मर्माहत कर देने वाला समाचार है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें