देश का विदेशी पूंजी भंडार 26 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 96.02 करोड़ डॉलर बढ़कर 280.16 अरब डॉलर हो गया। यह भंडार 19 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 98.54 करोड़ डॉलर घटकर 279.20 अरब डॉलर रह गया था। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी साप्ताहिक आंकड़ों के मुताबिक भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा भंडार आलोच्य अवधि में 91.41 करोड़ डॉलर बढ़कर 252.05 अरब डॉलर दर्ज किया गया। इससे पिछले सप्ताह में यह 99.97 करोड़ डॉलर घटकर 251.13 अरब डॉलर रह गया था।
बैंक ने कहा कि मुद्रा भंडार को डॉलर में व्यक्त किया जाता है और इस पर भंडार में मौजूद पाउंड स्टर्लिग, यूरो और येन जैसी गैर डॉलर मुद्रा की मजबूती और कमजोरी का सीधा असर होता है। इस अवधि में स्वर्ण भंडार का मूल्य 21.55 अरब डॉलर पर बरकरार रहा। इससे पहले पांच जुलाई को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार के मूल्य में 1.28 अरब डॉलर गिरावट दर्ज की गई थी।
आलोच्य अवधि में विशेष निकासी अधिकार का मूल्य 3.08 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.37 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जबकि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में भारत के भंडार का मूल्य 1.53 करोड़ डॉलर बढ़कर 2.18 अरब डॉलर हो गया। इससे पिछले सप्ताह विशेष निकासी अधिकार का मूल्य 95 लाख डॉलर बढ़कर 4.34 अरब डॉलर हो गया था, जबकि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में भारत के भंडार का मूल्य 48 लाख डॉलर बढ़कर 2.16 अरब डॉलर था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें