जूनियर विश्वकप हॉकी : भारत की महिला टीम ने जीता कांस्य - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 4 अगस्त 2013

जूनियर विश्वकप हॉकी : भारत की महिला टीम ने जीता कांस्य


भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने जर्मनी में संपन्न हुए विश्वकप में इंग्लैंड को 3-2 (1-1) से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा किया। भारतीय लड़कियों ने रविवार को तीसरे स्थान के लिए खेले गए प्लेऑफ मुकाबले में इंग्लैंड को पेनाल्टी शूटआउट में हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। इसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से करने का फैसला किया गया। निर्धारित समय में भारत के लिए रानी ने 13वें मिनट में फील्ड गोल किया जबकि इंग्लैंड की ओर से एना टोमान ने 55वें मिनट में बराबरी का गोल किया।

पेनाल्टी शूटआउट में एना टोमान इंग्लैंड की तरफ से पहला गोल चूक गईं, जबकि रानी ने पेनाल्टी शूटआउट पर पहला गोल दागकर भारत को 1-0 से बढ़त दिला दी। पेनाल्टी शूटआउट के पहले छह शॉट तक भारत ने बढ़त बनाए रखी, क्योंकि भारत की नवनीत कौर, वंदना कटारिया और नवजोत कौर तथा इंग्लैंड की लूसी हाइम्स, शोना मैक्लिन और जो लीफ ने अपने-अपने शॉट मिस कर दिए। अंतत: एमिली डीफ्रोंड ने इंग्लैंड के लिए गोल कर स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया। इसके बाद पूनम रानी द्वारा गोल मिस किए जाने से भारत सडेन डेथ की स्थिति में पहुंच गया।

रानी ने फिर से इस बार भारत को संकट से उबारा और गोल कर भारत को 2-1 से बढ़त दिला दी। एमिली ने फिर से स्कोर को 2-2 कर दिया। इसके बाद भारत की तरफ से पूनम रानी और इंग्लैंड की तरफ से शोना मैक्लिन अपने-अपने गोल चूक गईं। अंतत: नवनीत कौर ने भारत को 3-2 से बढ़त दिलाई, जबकि इंग्लैंड की एना गोल करने से चूक गईं। इसी के साथ विश्व चैम्पियनशिप में भारतीय महिलाओं ने अपना पहला पदक हासिल किया।

महिला जूनियर हॉकी विश्वकप का खिताबी मुकाबला नीदरलैंड्स और अर्जेटीना के बीच खेला जाएगा। अन्य मुकाबलों में स्पेन की टीम ने रविवार को आस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया जबकि अमेरिका ने दक्षिण अफ्रीका को 4-2 से हराते हुए सातवां स्थान पाया। आस्ट्रेलिया की टीम छठे और दक्षिण अफ्रीकी टीम आठवें स्थान पर रही। हॉकी इंडिया ने टीम की इस सफलता पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रत्येक खिलाड़ी और मुख्य कोच को एक-एक लाख और सहयोगी स्टाफ को 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।

कोई टिप्पणी नहीं: