विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप में पिछले सप्ताह कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय बैडमिंटन की नई स्टार पी. वी. सिंधु विश्व वरीयता के महिला एकल वर्ग में शीर्ष 10 खिलाड़ियों में शामिल हो गईं। सिंधु विश्व वरीयता में पहली बार शीर्ष 10 में पहुंचने में कामयाब हुई हैं। विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) द्वारा गुरुवार को जारी विश्व वरीयता सूची में सिंधु दो स्थानों की छलांग के साथ 10वें क्रम पर पहुंच गई हैं। सिंधु के ही शहर हैदराबाद की स्टार भारतीय खिलाड़ी सायना नेहवाल चौथे स्थान पर बरकरार हैं।
पिछले सप्ताह चीन के क्वांगचो में हुए विश्व चैम्पियनशिप में पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टरफाइनल तक का सफर तय करने वाले शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप ने भी तीन स्थानों की छलांग लगाई है। कश्यप ताजा विश्व वरीयता सूची में 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों में आर. एम. वी. गुरुसाईदत्त तथा अजय जयराम विश्व वरीयता सूची में क्रमश: 20वें और 24वें स्थान पर पूर्ववत बने हुए हैं। विश्व वरीयता सूची में हालांकि पुरुष, महिला या मिश्रित युगल वर्ग के शीर्ष 25 खिलाड़ियों में कोई भी भारतीय जोड़ी शामिल नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें