मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात ने रविवार को कहा कि कांग्रेस का विकल्प भाजपा नहीं हो सकती और वामपंथी पार्टियां गैर कांग्रेस और गैर भाजपा गठबंधन पर काम करेगी। यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए प्रकाश करात ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस का विकल्प नहीं है। यह मिथक है कि भगवा पार्टी व्यवहार्य विकल्प है।"
वामपंथी पार्टियों के एक सम्मेलन में हिस्सा लेने यहां पहुंचे करात ने कहा कि आम चुनाव में गैर कांग्रेसी और गैर भाजपाई विकल्प की दरकार है। उन्होंने कहा, "दोनों दलों से ऊबे लोगों को वास्तविक विकल्प मुहैया कराने के लिए हमने एक गैर कांग्रेसी और गैर भाजपाई गठबंधन खड़ा करने का फैसला लिया है।"
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के गुरुदास दासगुप्ता ने करात के विचारों का समर्थन किया। दासगुप्ता ने कहा, "कांग्रेस को समर्थन देने का सवाल ही पैदा नहीं होता है क्योंकि वामपंथी पार्टियां क्षेत्रीय दलों सहित समान विचारधारा वाली पार्टियों को एकजुट करेंगी।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें