देश की सुरक्षा के लिए सशस्त्र सेना में पंजाब के योगदान की सराहना करते हुए सेनाध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिक नौजवानों को सेना में भर्ती होने के लिए हमेशा प्रेरित करते रहें क्योंकि यह साहसपूर्ण महान सेवा है।
जालंधर छावनी में आज आयोजित पूर्व सैनिकों की रैली को संबोधित करते हुए सेनाध्यक्ष ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सशस्त्र सेना में पंजाब के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। पंजाब के वीर सैनिकों ने राष्ट्र निर्माण तथा इसकी सुरक्षा के लिए जो अपने प्राणों की आहुति दी है वह हमेशा वर्तमान तथा आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देने वाली होगी।
पंजाब के विभिन्न जिलों से आये लगभग आठ हजार पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए जनरल ने कहा कि आप हमेशा नौजवानों को सेना में भर्ती होने की प्रेरणा देते रहें क्योंकि यह साहसपूर्ण महान सेवा है जिसमें परोपकार की भावना भी दिखती है।
इसके साथ ही सिंह ने दोहराया कि सेना हमेशा अपने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, शहीद की विधवाओं और युद्ध विधवाओं को मिलने वाली सुविधाओं का ध्यान रखेगी और समय-समय पर इसकी बेहतरी के लिए समीक्षा भी करती रहेगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें