फेलिन के चलते 99 रेलगाड़ियां रद्द - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 12 अक्टूबर 2013

फेलिन के चलते 99 रेलगाड़ियां रद्द


train cancel
चक्रवाती तूफान फेलिन के मद्देनजर रेलवे ने शनिवार को आंध्र प्रदेश एवं ओडिशा के उत्तरी तटवर्ती इलाकों में एहतियातन 99 रेलगाड़ियां रद्द कर दीं। रेल मंत्री ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए रेल प्रशासन को सभी एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए। चक्रवाती तूफान फेलिन शनिवार को देर शाम लगभग नौ बजे ओडिशा एवं आंध्र के तटों से टकराया। इस बीच तूफान फेलिन के तटवर्ती इलाकों से टकराने से पहले से जारी भारी बारिश के बीच दोनों राज्यों में पांच लोगों की मौत हुई। अधिक प्रभावित रेल जोन जैसे कि पूर्व तट रेल, मुख्यालय भुवनेश्वर, दक्षिण मध्य रेल, मुख्यालय सिकंदराबाद, दक्षिण पूर्वी रेल मुख्यालय कोलकाता में जोन स्तर और मंडल स्तर पर आपात नियंत्रण कक्ष चालू किए गए हैं।

एहतियाती के तौर पर 46 मेल और एक्सप्रेक्स रेलगाड़ियों सहित 99 रेलगाड़ियों को पूरी तरह रद्द किया गया है तथा 12 रेलगाड़ियों को आंशिक तौर पर रद्द किया गया है। इसके अलावा 25 रेलगाड़ियों के मार्ग बदले गए हैं। आंध्र प्रदेश के तटवर्ती जिलों श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापट्टनम की सभी रेलगाड़ियों को एहतियातन रद्द कर दिया गया है। रद्द की गई रेलगाड़ियों में तिरुपति-पुरी एक्सप्रेस, सिकंदराबाद-भुवनेश्वर विशाखा एक्सप्रेस एवं राजामुंदरी-विशाखापट्टनम (अप एंड डाउन), विशाखापट्टनम-विजयनगरम (अप एंड डाउन) और विशाखापट्टनम-पलासा (अप एंड डाउन) पैसेंजर रेलगाड़ियां शामिल हैं।

मुंबई-भुवनेश्वर एक्सप्रेस को राजामुंदरी और भुवनेश्वर के बीच आंशिक तौर पर रद्द किया गया है। भुवनेश्वर-मुंबई कोणार्क एक्सप्रेस को भुवनेश्वर एवं समालकोट के बीच अंशत: रद्द किया गया है। भुवनेश्वर से शनिवार की सुबह चलने वाली भुवनेश्वर-सिकंदराबाद विशाखा एक्सप्रेस को भुवनेश्वर और विजयनगरम के बीच अंशत: रद्द किया गया है। दक्षिण मध्य रेलवे ने यात्रियों को रेलगाड़ियों के आवागमन से संबंधित जानकारी देने के लिए सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन (040-27700868) पर और हैदराबाद रेलवे स्टेशन (040-23200865) पर हेल्पलाइन सेवा शुरू की है।

इसके अलावा विजयनगरम, राजामुंदरी, काजीपेट, वारंगल, खम्माम और मानचिरयाल रेलवे स्टेशनों पर भी हेल्पलाइन सेवा शुरू की गई है। संबंधित रेल जोन की वेबसाइट पर भी नवीनतम सूचना दी जा रही है। रेल टिकटों की राशि तेजी से वापस किए जाने के लिए अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं। आपात स्थिति से निबटने के लिए 24 घंटे के नियंत्रण दल बनाए गए हैं, जिनमें अधिकारी, निरीक्षक और विभिन्न विभागों के अधिकारी सम्मलित हैं। संबंधित स्टेशनों पर भोजन, पीने का पानी, चिकित्सा सुविधा, राहत और बचाव कार्य की व्यवस्था की गई है।

चुने हुए स्थानों पर डीजल इंजन तैनात किए गए हैं। आधार स्टेशनों पर दुर्घटना राहत रेलगाड़ी/दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण रखे गए हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए इंजीनियरिंग सामग्री तैयार रखी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: