भारत, पाक ऐसे चरण में नहीं कि वार्ता बहाल हो सके : सलमान खुर्शीद - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 12 अक्टूबर 2013

भारत, पाक ऐसे चरण में नहीं कि वार्ता बहाल हो सके : सलमान खुर्शीद

विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने शनिवार को स्पष्ट किया कि भारत और पाकिस्तान ऐसे चरण में नहीं हैं जहां वे वार्ता बहाल कर सकते हैं। खुर्शीद ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर हाल की घटनाएं परेशान करने वाली हैं और संबंधों के सामान्यीकरण के लिए हितकारक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मैं साफ कर दूं कि हम ऐसे चरण में नहीं पहुंचे हैं जहां हमने तथाकथित वार्ता बहाली जैसा कुछ किया है। हम समग्र वार्ता किया करते थे और वह समग्र वार्ता निलंबित हो गई और उसके बाद हमने उस वार्ता को बहाल करने की प्रक्रिया की तरफ आगे बढ़ना शुरू किया।

इंडोनेशिया की यात्रा से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ वापसी के दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच पिछले महीने न्यूयॉर्क में मुलाकात हुई। हम ऐसे चरण में नहीं पहुंचे हैं जहां हमने किसी तारीख, समयसीमा या बहाल बातचीत पर दृष्टिकोण के बारे में संकेत दिया है। लेकिन क्या और कब राजनैतिक स्तर की वार्ता होगी वह अब तक स्पष्ट नहीं है।

खुर्शीद उन सवालों का जवाब दे रहे थे कि क्या नियंत्रण रेखा पर हाल की घटनाओं का बातचीत की प्रक्रिया पर प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि लेकिन (जहां तक) नियंत्रण रेखा और सीमा पर घटनाओं का सवाल है तो वे परेशान करने वाली हैं। सेना इससे निपट रही है और रक्षा मंत्री इससे निपट रहे हैं लेकिन मैं यह नहीं कह सकता कि यह सामान्यीकरण की दिशा में तेजी से बढ़ने के लिए हितकारी है। नियंत्रण रेखा पर घटनाएं स्वागत योग्य नहीं हैं और सामान्य संबंधों की दिशा में दोनों पक्षों द्वारा किए जाने वाले प्रयासों से ध्यान भटकाती हैं। खुर्शीद ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच अनेक सामान्य चीजें चलती रहती हैं और ये जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह (राजनैतिक वार्ता) ऐसी है जिसे हमारे नेता आने वाले समय में तय करेंगे।

द्विपक्षीय संबंधों में तब तनाव पैदा हो गया जब पांच भारतीय सैनिकों की इस साल अगस्त में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने हत्या कर दी। हाल में, भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा के केरन सेक्टर में आतंकवादियों का सफाया करने के लिए 15 दिवसीय अभियान चलाया। उन्होंने पाकिस्तानी विशेष बलों की मदद से कथित तौर पर नियंत्रण रेखा के इस पार एक गांव में घुसपैठ की थी।

कोई टिप्पणी नहीं: