शिखर धवन ने कानपुर के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते हुए तीसरे वनडे में भारत को पांच विकेट से जीत दिलाते हुए सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। दर्शकों से खचाखच भरे ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत ने धवन के 95 गेंद में 119 रन की मदद से जीत के लिए 264 रन का लक्ष्य 23 गेंद शेष रहते पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। धवन और युवराज सिंह ने तीसरे विकेट के लिए 129 रन जोड़े।
इससे पहले कीरान पावेल (70) और मार्लोन सैमुअल्स (71) के बीच दूसरे विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने पांच विकेट पर 263 रन बनाए। भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फार्म में चल रहे रोहित शर्मा सिर्फ चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। तेज गेंदबाज रवि रामपाल ने पांचवें ओवर में उन्हें ड्वेन ब्रावो के हाथों लपकवाया। विराट कोहली (19) भी रामपाल का दूसरा शिकार बने जिनका कैच विकेट के पीछे जोनाथन चार्ल्स ने लपका। उस समय भारत का स्कोर नौवें ओवर में दो विकेट पर 61 रन था। इसके बाद धवन और युवराज सिंह ने पारी को संभाला। पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे युवराज सिंह ने दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले फार्म में लौटने के संकेत देते हुए 74 गेंद में सात चौकों की मदद से 55 रन की पारी खेली।
धवन ने स्पिनर सुनील नारायण को चौका लगाकर 29वें ओवर में अपना शतक पूरा किया। यह उनके कैरियर का पांचवां वनडे शतक है और पांचों उन्होंने इसी साल बनाए हैं। डेरेन ब्रावो ने नाबाद 51 रन बनाकर टीम को 250 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने अपनी पारी में 53 गेंदों का सामना किया और चार चौके तथा दो छक्के जड़े। ब्रावो ने छठे विकेट की नाबाद साझेदारी में डेरेन सैमी के साथ 67 रन भी जोड़े। पिछले मैच में आक्रामक पारी खेलने वाले सैमी 29 गेंद में 37 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के जड़े।
वेस्टइंडीज की पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पांचवें ही ओवर में सलामी बल्लेबाज जोनाथन चार्ल्स को भुवनेश्वर कुमार ने शानदार इनस्विंगर पर बोल्ड कर दिया। उस समय स्कोर बोर्ड पर सिर्फ 20 रन टंगे थे।
इसके बाद पावेल और सैमुअल्स ने मोर्चा संभाला। दोनों ने ढीली गेंदों का इंतजार किया और कोई जोखिम नहीं उठाते हुए पारी को आगे बढ़ाया। सैमुअल्स ने 14वें ओवर में तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को दो चौके जड़कर हाथ खोलने शुरू किए। इसके बाद उन्होंने 19वें ओवर में स्पिनर आर अश्विन को एक चौका और एक छक्का लगाया। इस साझेदारी का अंत अश्विन ने ही किया जब उन्होंने 30वें ओवर की दूसरी गेंद पर पावेल को शार्ट फाइन लेग पर शिखर धवन के हाथों लपकवाया।
सैमुअल्स भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और अश्विन का दूसरा शिकार हुए। उन्होंने 36वें ओवर में इस ऑफ स्पिनर ने बोल्ड किया। लैंडल सिमंस (13) ज्यादा देर नहीं टिक सके और रविंद्र जडेजा की गेंद पर विकेट के पीछे मेजबान कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को कैच दे बैठे। वहीं ड्वेन ब्रावो (4) को मोहम्मद शमी ने अश्विन के हाथों लपकवाया। डेरेन ब्रावो और सैमी ने आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी की। ब्रावो ने 49वें ओवर में शर्मा की गेंदों की अच्छी धुनाई करते हुए एक छक्के और एक चौके की मदद से 17 रन ले डाले।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें