कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी लोगों को जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर बांट रही ताकि आने वाले चुनाव में जीत हासिल कर सके। राजधानी जयपुर से करीब 350 किलोमीटर दूर बीकानेर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए गांधी ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी पर व्यंग्य भी किया। मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के भाषण 'अच्छे' होते हैं।
उन्होंने कहा, "उनके भाषण थोड़े भिन्न तरीके के होते हैं--ऊपर से, नीचे से, दाएं से और बाएं से। यह उनकी बेचने की शैली है और इसका वास्तविकता या सच्चाई से कोई लेनादेना नहीं होता।" इसके बाद गांधी अपने पसंदीदा विषय की तरफ बढ़े। उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष के नजरिए की तुलना रखी। उन्होंने कहा, "वे सोचते हैं कि सड़कों, रेल लाइनों और हवाईअड्डों के विकास से देश को बदल देंगे। हम भी आधारभूत ढांचे का विकास चाहते हैं लेकिन यह भी चाहते हैं कि गरीब इस विकास का हिस्सा बनें।"
उन्होंने कहा, "यही आम आदमी के सरकार का मतलब होता है। हम जानते हैं कि देश में जो है पर्याप्त है इसलिए हम गरीब लोगों की बात करते हैं।" उन्होंने कहा कि भाजपा दावा करती है कि देश में सड़कों का जाल भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कार्यकाल में तैयार हुआ। उन्होंने आगे कहा, "लेकिन जब हमने आंकड़ों की जांच की तो पता चला कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन के कार्यकाल में राजग के कार्यकाल से तीन गुनी सड़कें बनी।"
इससे पहले चित्तौड़गढ़ में राहुल ने कहा, "हमारी सोच और विपक्ष की सोच में एक बड़ा अंतर है। हमारा कहना है कि यह देश अमीर और गरीब, किसान और जनजातियों, सभी का है। विपक्ष आधारभूत ढांचा, हवाईअड्डों और सड़कों के निर्माण के बारे में बात करता है लेकिन वह गरीबों की बात नहीं करते।"
राहुल गांधी ने दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे के महत्व को बताया और रेखांकित किया कि यह कैसे लोगों को लाभ पहुंचाएगा। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि उनके पिता और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने जब कंप्यूटरीकरण के बारे में बात की थी तो विपक्ष इसके खिलाफ था। लेकिन अब कंप्यूटर दैनिक कामकाज का हिस्सा बन गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें