केंद्र सरकार के फैसलों से देश की इज्जत संकट में : आडवाणी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 20 नवंबर 2013

केंद्र सरकार के फैसलों से देश की इज्जत संकट में : आडवाणी


L. K. Advani
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा है कि केंद्र सरकार के मनमाने फैसलों के कारण देश की इज्जत पर संकट पैदा हो गया है। मध्य प्रदेश में चुनावी प्रवास पर आए आडवाणी ने मंगलवार को रतलाम और नीमच में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। रतलाम में उन्होंने चुनावी भाषण के दौरान कहा कि देश में महंगाई का आलम है, घोटालों की चर्चा है और केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

आडवाणी ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर दया आती है, तरस आता है कि वे सत्ता में होते हुए भी अनिर्णय के शिकार हैं। इसका नतीजा यह हो रहा है कि केंद्र सरकार मनमाने ढंग से वही फैसला लेती है जिसमें उन्हें आर्थिक लाभ होता है। जनहित और देश के बारे में केंद्र सरकार को कोई चिंता नहीं है। विदेशों में देश की इज्जत पर संकट पैदा हो गया है।"

उन्होंने आगे कहा, "भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने ऐतिहासिक उपलब्धियां देश को दीं और छह वर्षो तक बेदाग सरकार देकर दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया। हमें भाजपा की इस विरासत पर गर्व होता है।" आडवाणी ने मप्र की भाजपा सरकार की सराहना की और कहा, "2003 से 2013 के बीच उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश का नेतृत्व किया। इस दौरान भाजपा ने प्रदेश में गतिशील नेतृत्व की जन-जन मंे अनुभूति कराई है और सरकार जनता की सेवा में पहुंची है।"

नीमच में जनसभा को संबोधित करते हुए आडवाणी ने कहा, "देश की बदहाली के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है, लेकिन अब समय आ गया है कि हम जनता को जागृत करें जिससे कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से देश को मुक्ति दिलाई जा सके। कांग्रेस ने जनता का विश्वास खो दिया है। उसका देश की जनता और मुल्क से कोई सरोकार दिखाई नहीं देता। यही कारण है कि जहां जनता मंहगाई, भ्रष्टाचार असुरक्षा से बदहाल है वहीं देश की सीमाएं भी सुरक्षित नहीं हैं।

आडवाणी ने आगे कहा, "पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान और चीन की बुरी नजर देश की सीमाओं पर अस्थिरता फैलाने में लगी हुई है। देश के जवान सीमा पर अपमानित हो रहे हैं। उन्हें पाकिस्तान की बर्बरता का शिकार होना पड़ रहा है, लेकिन केंद्र की कांग्रेसनीत संप्रग सरकार आंखों में पट्टी बांधे हुए है।"

कोई टिप्पणी नहीं: