सिंगापुर में 8 दिसंबर को भड़की हिंसा के मामले में शामिल पाए गए 52 भारतीय नागरिकों को वहां की सरकार ने देश के लिए खतरा मानते हुए स्वदेश वापस भेज दिया है। अभी 4 और लोगों को भेजे जाने का समाचार है। इनमें 1 नागरिक बांग्लादेश का है। बीते 8 दिसंबर को भड़की हिंसा में पुलिसकर्मियों सहित होम टीम के 39 अधिकारी घायल हो गए थे और सिंगापुर नागरिक रक्षा बल एवं पुलिस के 25 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे।
एजेंसी की खबर अनुसार पुलिस आयुक्त जी जू ही ने बताया कि चार भारतीयों को आज रात स्वदेश भेजा जाएगा। इन चार लोगों सहित सात पर अदालत में आरोप लगाया गया था, लेकिन बाद में आरोप वापस ले लिए गए। ही ने कहा कि जब चार लोगों को यहां से भेज दिया जाएगा तो स्वदेश भेजे गए लोगों की संख्या 57 हो जाएगी। इसके साथ ही लिटिल इंडिया इलाके में भड़की हिंसा के बाद आरोपियों को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो जाएगी।
पुलिस के अनुसार जिन 53 लोगों को स्वदेश भेजा गया है उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई और वे अब भी सिंगापुर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। हिंसा में परोक्ष रूप से शामिल दूसरे 200 कामगारों को आगामी रविवार को पुलिस की ओर से परामर्श दिया जाएगा।
सरकार द्वारा गठित जांच समिति ने लिटिल इंडिया इलाके में भड़के दंगे के मामले में 16 लोगों से पूछताछ की। एक सड़क हादसे में भारतीय नागरिक की मौत के बाद यहां दंगे भड़क गए थे, जिसे देश के 40 वर्षों के इतिहास का सबसे भयानक दंगा कहा जा रहा है। इसके अतिरिक्त 28 अन्य भारतीय नागरिक भी दंगा भड़काने के मामले में आरोपी हैं और अदालत सोमवार को उनके मामले की सुनवाई करेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें