चारा घोटाले के एक मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद को सर्वोच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मिठाइयां बांटी और खुशी मनाई। इस दौरान राबड़ी ने कहा कि उन्होंने भोर में ही लालू के घर आने का सपना देखा था।
लालू को जमानत मिलने की खबर पटना पहुंचने के बाद ही पूरे राज्य के राजद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान राबड़ी देवी ने अपने सरकारी आवास में मिठाइयां बांटी। राजद के प्रदेश कार्यालय में भी मिठाइयां बांटी गई।
राबड़ी ने लालू को जमानत मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सुबह में ही उन्होंने लालू के घर आने का सपना देखा था, तभी उन्हें विश्वास हो गया था कि लालूजी को लेकर कुछ शुभ समाचार आएगा। सर्वोच्च न्यायालय ने उन्हें जमानत देकर उनके सपने को सच साबित कर दिया।
उन्होंने कहा कि अब परिवार सहित बिहार के लोग उनके पटना आने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ एक मंच पर आना चाहिए। राबड़ी ने कहा कि जिन्होंने साजिश के तहत जेल भेजवाने का काम किया था, उनकी कलई खुल गई है।
उन्होंने राजद में टूट की संभावना से इंकार करते हुए कहा कि राजद जब अब नहीं टूटा तो अब तो लालू जी आ गए, अब क्या टूटेगा? लालू के आने से राजद और मजबूत होगा। उल्लेखनीय है कि लालू को चारा घोटाले के एक मामले में न्यायालय ने दोषी करार दिया है। वर्तमान समय में लालू रांची जेल में सजा काट रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें