अरविंद केजरीवाल ने दिल्‍ली पुलिस पर किया प्रहार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 20 जनवरी 2014

अरविंद केजरीवाल ने दिल्‍ली पुलिस पर किया प्रहार

दिल्‍ली पुलिस ने गृह मंत्री कार्यालय के बाहर धरना देने जा रहे मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सोमवार सुबह रेलभवन के पास रोक दिया। इसके बाद केजरीवाल अपने सहयोगियों समेत रेलभवन के पास ही धरने पर बैठ गए। केजरीवाल ने रेल भवन के बाहर संबोधित करते हुए दिल्ली की जनता के लिए काम ना करने के लिए पुलिस पर हमला बोला। रेल भवन के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। किसी को भी नार्थ ब्लॉक की ओर जाने से रोकने के लिए बैरीकेड लगाया गया है। 

धरनास्‍थल पर लोगों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने दिल्‍ली पुलिस पर जमकर हमला बोला। उन्‍होंने तीन पुलिस अधिकारियों के निलंबन की मांग को दोहराते हुए कहा कि दिल्‍ली पुलिस गलत लोगों के साथ मिल जाती है। उन्‍होंने यह भी कहा कि पुलिस की जवाबदेही तय होनी चाहिए। दिल्‍ली पुलिस की लापरवाही हम बर्दाश्‍त नहीं करेंगे। 

उन्‍होंने सवालिया लहजे में कहा कि कया मंत्री जनता की सेवा न करें। उन्‍होंने दिल्‍ली पुलिस पर लोगों से पैसे वसूलने का आरोप भी लगाया। इस संवैधानिक संकट के लिए केंद्र सरकार जिम्‍मेवार है। हमने इस धरने के लिए दस दिन की तैयारी की है। मैं गणतंत्र दिवस की तैयारियों में दिक्कतें पैदा करना नहीं चाहता लेकिन जब दिल्ली की महिलाएं ‘असुरक्षित’ महसूस कर रही हैं, मैं चुप नहीं रह सकता। 

इससे पहले, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय के बाहर धरने के लिए जाने के दौरान आज सुबह रास्ते में रोका गया है। उन्होंने पुलिस की अकर्मण्यता के खिलाफ धरने का आह्वान किया है। केजरीवाल के कार को रेल के भवन के नजदीक रायसीना रोड के सामने रोका गया। पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आगे बढ़ने से रोका। 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और उनके सहयोगियों को गणतंत्र दिवस परेड का पूर्वाभ्यास चलने के कारण दोपहर तक रोका जा रहा है। पुलिसकर्मियों की एक टुकड़ी तैनात कर दी गई है और रफी मार्ग और रायसीना रोड पर नाकेबंदी कर दी गई है, जो नार्थब्लाक की तरफ जाती है। केजरीवाल और मंत्रियों ने सुबह दिल्ली सचिवालय में मुलाकात की है, जहां से वह केंद्रीय गृह मंत्रालय के दफ्तर की तरफ निकले। 

दिल्ली पुलिस के अधिकारी केजरीवाल को सुरक्षा लेने के लिए तैयार करने के लिए दिल्ली सचिवालय पहुंच गए। आम आदमी पार्टी (आप) ने पुलिस अधिकारियों पर दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के निगरानी छापे में उनकी मदद न करने और दहेज के एक मामले में मंत्री राखी बिड़ला की शिकायत पर उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने दक्षिण दिल्ली में संदिग्ध मादक पदार्थ और वेश्यावृत्ति गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कानून मंत्री सोमनाथ भारती के साथ सहयोग करने से इंकार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्‍होंने कहा कि दिल्ली सरकार दक्षिण दिल्ली की छापेमारी के मामले में पुलिस के खिलाफ जांच में सहयोगी नहीं करेगी, यह जांच व्यर्थ है। मैं 10 दिन के धरने के लिए तैयारी कर के आया हूं, प्रधानमंत्री और केंद्र को जिम्मेदार ठहराता हूं। 

गौर हो कि गृह मंत्रालय के बाहर केजरीवाल के धरने के ऐलान के चलते चार मेट्रो स्‍टेशनों के बंद रहने से आज आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। वहीं, जंतर मंतर छोड़कर नई दिल्‍ली इलाके में धारा 144 लागू है। दिन में करीब 11 बजकर 20 पर रेल भवन के पास पहुंचने वाले केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों को उनकी कारों से उतरने और गृह मंत्रालय की ओर बढने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली) एसबीएस त्यागी ने कहा कि धारा 144 लागू होने पर प्रदर्शन के लिए कोई भी आएगा तो उसे रोका जाएगा। ऐसे हालात में उन्हें (केजरीवाल) रोका गया। बहरहाल, भगवा टोपी लगाए भारतीय आम आदमी पार्टी :बाप: के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और केजरीवाल के खिलाफ नारे लगाने लगे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और वहां से उन्हें ले जाया गया। केजरीवाल ने शुक्रवार को गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे से मुलाकात कर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

आप सरकार ने उस पुलिसकर्मी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है जिसकी पश्चिम दिल्ली के सागरपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री राखी बिड़ला से नोक झोंक हुयी थी। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को डेनमार्क की पर्यटक के सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस के तौर तरीके पर भी दोष मढ़ा।

कोई टिप्पणी नहीं: